जमुई के बाद अब समस्तीपुर में दरिंदगी! नाबालिग से अभद्रता का Video वायरल, POCSO एक्ट के तहत केस दर्ज
समस्तीपुर। बिहार के समस्तीपुर जिले से सोशल मीडिया पर एक लड़की के साथ कथित अभद्र व्यवहार और गलत तरीके से छूने का बेहद आपत्तिजनक वीडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए समस्तीपुर पुलिस ने तत्परता दिखाई और तकनीकी सत्यापन के आधार पर घटनास्थल की पहचान कर सूचना मिलने के महज छह घंटे के भीतर घटना में संलिप्त चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, प्रथमदृष्ट्या पीड़ित लड़की नाबालिग प्रतीत हो रही है, जिसके चलते आरोपियों के खिलाफ सख्त धाराओं में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के दौरान सामने आया वीडियो
समस्तीपुर पुलिस द्वारा दी गई आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, 23 सितंबर की शाम सोशल मीडिया निगरानी के दौरान पुलिस को विभिन्न प्लेटफॉर्म्स पर एक वीडियो तेजी से वायरल होने की जानकारी मिली। वीडियो में तीन से चार युवक मिलकर एक असहाय लड़की के साथ सरेराह कथित तौर पर अभद्र व्यवहार और छेड़खानी करते हुए दिखाई दे रहे थे। मामले की संवेदनशीलता को भांपते हुए पुलिस महकमे ने तुरंत साइबर और तकनीकी सेल को वीडियो की जांच और सत्यापन के काम में लगाया।
बांध के पास का निकला घटनास्थल, एक हफ्ते पुरानी वारदात
तकनीकी जांच और इनपुट्स के आधार पर पुलिस ने उस स्थान की पहचान कर ली जहां यह शर्मनाक हरकत की गई थी। घटनास्थल कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर गांव स्थित बांध के पास सड़क का निकला। स्थानीय स्तर पर छानबीन के बाद पुलिस ने बताया कि यह घटना करीब एक सप्ताह पुरानी है। चूंकि वीडियो में दिख रही लड़की प्रथमदृष्ट्या नाबालिग जान पड़ रही थी और तत्काल उसकी सीधी पहचान स्थापित नहीं हो सकी थी, इसलिए मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस पदाधिकारी के स्वयं के बयान के आधार पर कर्पूरीग्राम थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई।
BNS, पॉक्सो और आईटी एक्ट में केस दर्ज
इस गंभीर मामले में पुलिस ने कानूनी शिकंजा कसते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS), पॉक्सो (POCSO) एक्ट और आईटी (IT) एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत कर्पूरीग्राम थाना कांड संख्या 117/26, दिनांक 24 सितंबर 2026 दर्ज किया। इसके बाद आरोपियों की धरपकड़ के लिए तत्काल विशेष टीम गठित कर छापेमारी शुरू की गई।
6 घंटे के भीतर सभी 4 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय इनपुट के आधार पर वारदात में शामिल सभी युवकों की पहचान पुख्ता की और सूचना मिलने के महज छह घंटे के अंदर चारों को दबोच लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान जगतसिंहपुर गांव निवासी विकास कुमार शर्मा, राहुल कुमार, रामबाबू सहनी और बिजौलिया गांव निवासी अवधेश पासवान के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार चारों आरोपियों की घटना में प्रत्यक्ष संलिप्तता पाई गई है। फिलहाल पुलिस चारों से गहन पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
