प्रशासन ने 15 तो मंत्री ने गिनाए 19 नाम; दिग्विजय सिंह ने गोविंद राजपूत के समर्थकों पर लगाए शराब बांटने के आरोप
भोपाल/सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले में हुए दर्दनाक जहरीली शराब कांड ने अब प्रशासनिक और राजनीतिक रूप ले लिया है। एक तरफ जहां स्थानीय प्रशासन मृतकों की संख्या 15 बता रहा था, वहीं प्रदेश सरकार के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रह्लाद पटेल ने सोशल मीडिया पर 19 मृतकों के नामों की सार्वजनिक सूची जारी कर सरकारी आंकड़ों की पोल खोल दी है। दूसरी ओर, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने राज्य के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के सीधे तार इस कांड से जोड़ते हुए सनसनीखेज आरोप लगाए हैं, जिससे मोहन यादव सरकार में भारी घमासान मच गया है।
प्रशासन और मंत्री के दावों में टकराव: 15 या 19?
प्रशासन द्वारा अब तक आधिकारिक तौर पर 15 मौतों की पुष्टि की जा रही थी। लेकिन पंचायत मंत्री प्रह्लाद पटेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर शोक संवेदना व्यक्त करते हुए 19 मृतकों के नाम सार्वजनिक कर दिए। मंत्री की इस पोस्ट के बाद प्रशासनिक महकमे में अफरा-तफरी मच गई है कि क्या स्थानीय प्रशासन मौतों के वास्तविक आंकड़े को छिपाने की कोशिश कर रहा था।
प्रह्लाद पटेल ने अपनी पोस्ट में लिखा:
“सागर की घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। जो भी दोषी हैं, उन पर सख्त से सख्त कार्रवाई होगी। मैं मृतकों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं।”
मंत्री ने 19 मृतकों जिसमें दिग्विजय लोधी, करतार सिंह लोधी, राजेन्द्र सिंह लोधी, कम्मू अहिरवार, चमन सिंह, उजायर सिंह, गोविंद उर्फ नीलेश, देश कुमार, भोपाली आदिवासी, अनाद रावत, कृष्ण कुमार लोधी, भगवान सिंह लोधी, सचिन उर्फ सत्येंद्र सिंह, राजकुमार, कैलाश, रौशन, हरनाम, गोविन्द एवं राम सिंह के परिजनों को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि संबल योजना में पंजीकृत मृतकों के आश्रितों को 4-4 लाख रुपये और अन्य श्रमिकों के परिजनों को मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान से मुआवजा दिया जाएगा।
सागर की घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। जो भी दोषी हैं, उन पर सख्त से सख्त कार्रवाई होगी। मैं मृतकों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूँ।
श्री दिग्विजय लोधी, श्री करतार सिंह लोधी, श्री राजेन्द्र सिंह लोधी, श्री कम्मू अहिरवार, श्री चमन सिंह, श्री उजायर सिंह, श्री गोविंद उर्फ…
— Prahlad Singh Patel ( वृक्ष से जल, जल से जीवन) (@prahladspatel) September 7, 2026
दिग्विजय सिंह: ‘मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के समर्थकों ने बांटी जहरीली शराब’
इधर राजधानी भोपाल में पूर्व मुख्यमंत्री व वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने इस पूरे मामले को लेकर सरकार पर जोरदार हमला बोला है। दिग्विजय सिंह ने आरोप लगाया कि सागर में जहरीली शराब की आपूर्ति मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के नजदीकी समर्थकों द्वारा की गई थी।
दिग्विजय सिंह ने सोशल मीडिया पर जहरीली शराब कांड के मुख्य आरोपियों के साथ मंत्री गोविंद सिंह राजपूत की तस्वीरें साझा करते हुए तीखे सवाल पूछे:
तस्वीरें सार्वजनिक कर पूछा: “सरकार को अब और कितने प्रमाण चाहिए? जहरीली शराब कांड का आरोपी सीधे तौर पर गोविंद सिंह राजपूत का चेला है।”
KSR ग्रुप से संबंध: पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि शराब कांड से जुड़ी कंपनी ‘KSR ग्रुप’ ने इलाके में मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के बड़े-बड़े पोस्टर लगवाए थे।
दिग्विजय सिंह के इन आरोपों और कैबिनेट मंत्री प्रह्लाद पटेल द्वारा जारी मृतकों की विस्तृत सूची ने प्रशासनिक लीपापोती को पूरी तरह बेनकाब कर दिया है। विपक्ष अब आरोपी सिंडिकेट और जिम्मेदार मंत्रियों के खिलाफ उच्चस्तरीय न्यायिक जांच की मांग कर रहा है।
