दिल्ली में सिलेंडर उतारते वक्त जोरदार धमाका, इलाके में मची भगदड़; 2 की मौत, कई लोग घायल
दिल्ली के ओखला फेज-1 इलाके में बुधवार को सिलेंडर ब्लास्ट की घटना से हड़कंप मच गया। कम्युनिटी हॉल के पास अचानक हुए जोरदार धमाके से आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। धमाका इतना तेज था कि आसपास की इमारतों के शीशे टूट गए।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। राहत और बचाव टीमों ने तुरंत मोर्चा संभाला और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। शुरुआती जानकारी में एक व्यक्ति की मौत होने की सूचना है, जबकि कई लोगों के घायल होने की बात सामने आई है।
गाड़ी से सिलेंडर उतारते समय हुआ ब्लास्ट
स्थानीय लोगों के मुताबिक, सिलेंडरों से भरी एक गाड़ी मौके पर पहुंची थी। गाड़ी से सिलेंडर उतारने का काम चल रहा था, तभी अचानक एक सिलेंडर में जोरदार विस्फोट हो गया। धमाके के बाद मौके पर मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। प्रत्यक्षदर्शी संजय कश्यप के मुताबिक, एक लंबे आकार का सिलेंडर फटने के बाद धमाका हुआ। उन्होंने करीब 3-4 लोगों के घायल होने की जानकारी दी। हालांकि, हादसे में कितने लोगों की मौत हुई है और कितने घायल हैं, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।
धमाके से इमारतों के शीशे टूटे
ब्लास्ट की तीव्रता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि आसपास की इमारतों के शीशे टूट गए। घटनास्थल पर मलबा और क्षतिग्रस्त सामान दिखाई दिया। स्थानीय लोगों ने बताया कि धमाके के बाद कुछ देर तक इलाके में चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल रहा।
पुलिस और दमकल टीम जांच में जुटी
फिलहाल दमकल विभाग और पुलिस की टीमें घटनास्थल पर मौजूद हैं। राहत एवं बचाव कार्य जारी है। हादसा किस वजह से हुआ और सिलेंडर में विस्फोट किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है। अधिकारियों की जांच के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।
