Bihar Election Result 2025: राजद को मिली करारी हार, लेकिन एक आंकड़ा लालू–तेजस्वी को देगा बड़ी राहत!

Bihar Election Result 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजों में इस बार तस्वीर साफ हो गई है—सत्ता की चाबी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के हाथ में जाती दिख रही है। वहीं, मुख्य विपक्षी दल राष्ट्रीय जनता दल (RJD) को करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा है। बावजूद इसके, एक ऐसा कारण है जो लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव के लिए राहत लेकर आया है।

चुनाव आयोग की वेबसाइट पर जारी रुझानों के अनुसार, तेजस्वी यादव की अगुवाई में RJD को 22.79% वोट शेयर मिला है। यह आंकड़ा भाजपा से 2.27% और नीतीश कुमार की जेडीयू से 3.8% ज्यादा है। यानी सीटें भले कम मिली हों, लेकिन वोट प्रतिशत में RJD ने इस बार मजबूत उपस्थिति दर्ज की है।

243 सीटों वाली विधानसभा में RJD ने कुल 143 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे। मगर पार्टी फिलहाल सिर्फ 25 सीटों पर आगे है। 2010 के बाद यह RJD का दूसरा सबसे खराब प्रदर्शन माना जा रहा है, जब उसे सिर्फ 22 सीटें मिली थीं।

मुख्यमंत्री उम्मीदवार तेजस्वी यादव अपनी राघोपुर सीट से जीत चुके हैं। वहीं, महागठबंधन के अन्य दलों में कांग्रेस पाँच सीटों पर, और माले (L) दो सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं।

NDA की बड़ी बढ़त

दूसरी ओर, NDA शानदार प्रदर्शन करते हुए 204 सीटों पर आगे चल रहा है। इसमें—

भाजपा: 92 सीटों पर आगे

जेडीयू: 84 सीटों पर आगे

एलजेपी (रामविलास): 19 सीटें

हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा: 5 सीटें

राष्ट्रीय लोक मोर्चा: 4 सीटें

प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी और मुकेश सहनी की VIP पार्टी अपने-अपने क्षेत्रों में पिछड़ती नजर आ रही हैं।

सबसे ज्यादा मतदान वाला चुनाव

बिहार में इस बार मतदान दो चरणों—6 और 11 नवंबर— में हुए थे। इस दौरान 66% से अधिक मतदान दर्ज किया गया, जो 1951 के बाद राज्य में सबसे अधिक मतदान का रिकॉर्ड है।

Youthwings