भोपाल में सियासी बवंडर: ओवैसी के चैलेंज पर भड़के बीजेपी विधायक, कांग्रेस ने कहा- ‘जनता को मुद्दों से भटकाने की एक ही स्क्रिप्ट’

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल का राजनीतिक तापमान अचानक चरम पर पहुंच गया है। बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा के पूर्व में दिए गए ‘मिसाइल’ वाले बयान को लेकर ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और रामेश्वर शर्मा के बीच बेहद तीखी जुबानी जंग छिड़ गई है। दोनों नेताओं की तरफ से मर्यादा की सीमाएं लांघते हुए व्यक्तिगत हमले किए गए। वहीं, इस पूरे विवाद में कूदते हुए कांग्रेस ने बीजेपी और ओवैसी दोनों पर मिलीभगत का आरोप लगाया है।

ओवैसी का मंच से खुला चैलेंज

भोपाल में मंच से संबोधित करते हुए असदुद्दीन ओवैसी ने बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा पर सीधा हमला बोला। ओवैसी ने कहा कि बीजेपी विधायक करोंद स्क्वायर से काजी कैंप पर मिसाइल गिराने की बात करते हैं। ओवैसी ने कहा कि तुम माई के लाल हो तो बताओ कब लॉन्च करोगे? मैं अकेला काजी कैंप पर ठहरता हूं, तुम्हारे अंदर दम है तो गिराकर बताओ।

रामेश्वर शर्मा का पलटवार: ‘कोर्ट ले जाओ भाषण, 230 सीटों पर लड़ो चुनाव’

ओवैसी के बयान के बाद बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा ने भी बेहद आक्रामक और तीखे शब्दों में जवाब दिया। रामेश्वर शर्मा ने कहा कि ओवैसी बैरिस्टर हैं तो पहले बदतमीजी की भाषा छोड़ें। उन्होंने कहा कि भारत के वैज्ञानिकों द्वारा तैयार मिसाइल को भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर के जरिए सीमा पार आतंकियों के ठिकानों पर गिराकर दिखा दिया है। जब इस्लामाबाद में मिसाइल गिरती है, तो वहां आतंकवादी रोते हैं और यहां नए-नए जिन्ना छाती पीटते हैं।

उन्होंने कहा कि वे आज भी अपने बयान पर कायम हैं और जहां भी आतंकवाद व भारत विरोधी कैंप होंगे, वहां के लिए भारत की मिसाइल तैयार है। ओवैसी चाहें तो पूरा भाषण सुनकर कोर्ट जा सकते हैं। ओवैसी के चुनावी दावों पर विधायक ने कहा कि यदि उनमें दम है तो मध्य प्रदेश की सभी 230 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़कर दिखाएं, जनता धूल चटा देगी। उन्होंने आरोप लगाया कि ओवैसी केवल हिंदू-मुस्लिम ध्रुवीकरण कर आतंकवाद और नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई को कमजोर करना चाहते हैं।

कांग्रेस का तीखा तंज: ‘एक ही जगह से आती है दोनों की स्क्रिप्ट’

ओवैसी और बीजेपी विधायक के बीच छिड़े इस विवाद पर कांग्रेस ने कड़ा रुख अपनाया है और इसे जनता का ध्यान भटकाने की सुनियोजित राजनीति करार दिया।

प्रदेश प्रवक्ता डॉ. विक्रम चौधरी ने कहा कि समाज में ऐसी अभद्र भाषा कतई स्वीकार्य नहीं है। यह सिर्फ राजनीति है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक ही जगह से स्क्रिप्ट चलती है, जिसमें से एक हिस्सा ‘संगी’ को और दूसरा हिस्सा ‘मुसंघी’ को दे दिया जाता है, ताकि जनता बुनियादी मुद्दों को न देख सके।

वहीं कांग्रेस प्रवक्ता अभय दुबे ने ओवैसी को सीधे तौर पर बीजेपी की ‘बी-टीम’ करार दिया। उन्होंने कहा कि बीजेपी हिंदू समाज को उकसाती है और ओवैसी मुस्लिम तुष्टिकरण की बात करते हैं। उन्होंने आगे कहा कि मध्य प्रदेश में असली मुद्दा बदहाल शिक्षा व्यवस्था और बेरोजगारी है, जिसको लेकर राहुल गांधी ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के जरिए छात्रों से सीधा संवाद करने आ रहे हैं।

Youthwings