होली के मौके पर रायपुर में 58 करोड़ से ज्यादा की शराब बिक्री, विदेशी शराब की मांग बढ़ी
रायपुर – रायपुर में होली के दौरान शराब की रिकॉर्ड बिक्री देखने को मिली है। आबकारी विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, होली के आसपास चार दिनों में जिले में कुल 58 करोड़ 10 लाख रुपये की शराब की बिक्री हुई। यह आंकड़ा पिछले साल की तुलना में लगभग 91 लाख रुपये ज्यादा है।
यह आंकड़े होली के दिन दुकान बंद रहने से तीन दिन पहले और एक दिन बाद की बिक्री को मिलाकर तैयार किए गए हैं। होली के दिन 4 मार्च को शराब दुकानें बंद थीं, लेकिन त्योहार का असर अगले दिन भी देखने को मिला। 5 मार्च को लोगों ने 8 करोड़ 31 लाख रुपये की शराब खरीदी।
सबसे ज्यादा बिक्री होली के पहले हुई। 3 मार्च को होली से एक दिन पहले 21 करोड़ 73 लाख रुपये की शराब की बिक्री हुई। वहीं 2 मार्च को 15 करोड़ 94 लाख रुपये और 1 मार्च को 12 करोड़ 11 लाख रुपये की शराब खरीदी गई।
आंकड़ों से यह भी सामने आया है कि इस साल लोगों ने होली से पहले ही शराब का स्टॉक कर लिया था। होली से तीन दिन पहले शराब की बिक्री पिछले साल की तुलना में करीब 30.3 प्रतिशत अधिक रही। वहीं होली के बाद के दिनों में बिक्री में हल्की कमी दर्ज की गई, लेकिन यह अंतर अधिकतम 5.6 प्रतिशत तक ही रहा।
आबकारी विभाग के आंकड़ों के अनुसार लोगों की पसंद में भी बदलाव देखने को मिल रहा है। देशी शराब की मांग में कमी आई है, जबकि विदेशी शराब की मांग लगातार बढ़ रही है। चार दिनों के आंकड़ों में केवल एक दिन ही देशी शराब की बिक्री में करीब 7.7 प्रतिशत की वृद्धि हुई।
वहीं विदेशी स्प्रिट की बिक्री में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसकी बिक्री में लगभग 60 प्रतिशत तक की वृद्धि देखी गई। इससे साफ है कि रायपुर में शराब उपभोक्ताओं का रुझान धीरे-धीरे विदेशी शराब की ओर बढ़ रहा है।
