अनिरुद्धाचार्य के खिलाफ महिलाओं का गुस्सा फूटा, पुतले का मुंह काला कर जूते-चप्पलों से पीटा
वाराणसी। कथावाचक और समाजसेवी कहे जाने वाले अनिरुद्धाचार्य की महिलाओं को लेकर की गई कथित अभद्र टिप्पणी के खिलाफ आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को वाराणसी में शंकर सेना की महिला कार्यकर्ताओं ने उनके खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। हाथों में पोस्टर-बैनर लिए महिलाएं नारेबाजी करती रहीं और अनिरुद्धाचार्य पर मुकदमा दर्ज कर तुरंत गिरफ्तारी की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने कार्रवाई नहीं की तो वे आत्मदाह और आमरण अनशन तक करने के लिए तैयार हैं। उनका कहना है कि गिरफ्तारी न होने पर यह आंदोलन देशव्यापी रूप लेगा।

पुतले का किया मुंह काला, जूतों से पीटा
शंकर सेना उत्तर प्रदेश महिला विंग की अध्यक्ष प्रियंका द्विवेदी के नेतृत्व में महिलाओं ने अनिरुद्धाचार्य का पुतला लेकर प्रदर्शन किया। पुतले का मुंह काला करने के साथ ही जूतों-चप्पलों से पीटकर घसीटा गया। पुतले पर कई नारे लिखे गए थे, जिनमें कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों का जिक्र था।
प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने अनिरुद्धाचार्य के पुतले का चेहरा पर “मैंने चार बार मुंह मारा”, “टेस्ट ड्राइव” जैसे नारे लिखे थे। यह दृश्य उनके प्रति लोगों के गुस्से और आक्रोश को साफ दर्शाता है।

पुलिस ने रोका, ज्ञापन सौंपा गया
प्रदर्शनकारी महिलाएं कचहरी पहुंचकर कलेक्टर कार्यालय में ज्ञापन सौंपना चाहती थीं, लेकिन पुलिस ने उन्हें दीनदयाल हस्तकला संकुल से आगे नहीं बढ़ने दिया। मौके पर पहुंची नायब तहसीलदार प्रीति पांडे ने महिलाओं से ज्ञापन लिया और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
#Varanasi में महिलाओं ने कथावाचक अनिरुद्धाचार्य के खिलाफ खोला मोर्चा, कार्रवाई की मांग। pic.twitter.com/xasQVR66Ye
— Abhishek sharma (@officeofabhi) September 9, 2025
मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन
महिलाओं ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा। इसमें मांग की गई कि अनिरुद्धाचार्य के खिलाफ बाल विवाह अधिनियम और पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए। महिलाओं ने साफ कहा कि यदि मांगें पूरी नहीं हुईं तो वे देशभर में आंदोलन करेंगी।
अनिरुद्धाचार्य के विवादित बयान को लेकर लोगों की नाराजगी दिन-ब-दिन बढ़ रही है और विरोध की लहर अब सड़क से सोशल मीडिया तक फैल गई है।
