‘डेढ़ लाख में से सिर्फ 19 हजार फॉर्म!’ MP में शिक्षकों के लिए TET की तारीख फिर बढ़ी, जानिए कब तक कर सकेंगे आवेदन

भोपाल। मध्य प्रदेश के सेवारत शिक्षकों के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा यानि TET की अनिवार्यता से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। स्कूल शिक्षा विभाग और मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल के बीच हुई एक अहम उच्चस्तरीय बैठक के बाद टीईटी आवेदन की अंतिम तारीख एक बार फिर आगे बढ़ा दी गई है। अब शिक्षक 5 अक्टूबर तक अपना आवेदन जमा कर सकेंगे। इससे पहले आवेदन की अंतिम तिथि 4 सितंबर से बढ़ाकर 18 सितंबर की गई थी।

कम आवेदनों के चलते लिया गया निर्णय

विभाग को आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाने का फैसला आवेदनों की बेहद कम संख्या को देखते हुए लेना पड़ा है। आंकड़ों के मुताबिक प्रदेशभर में करीब डेढ़ लाख शिक्षक टीईटी की अनिवार्यता के दायरे में आ रहे हैं। इसके विपरीत, अब तक मात्र 19 हजार के करीब शिक्षकों ने ही आवेदन किया है। इतने बड़े अंतर को देखते हुए प्रशासन ने तारीख बढ़ाने का फैसला किया, ताकि शेष शिक्षकों को आवेदन का अवसर मिल सके।

दिसंबर में परीक्षा होने के आसार

टीईटी परीक्षा का आयोजन किस तारीख को होगा, इसे लेकर फिलहाल कोई अंतिम आधिकारिक निर्णय नहीं लिया गया है। हालांकि, विभागीय सूत्रों के अनुसार परीक्षा दिसंबर माह में आयोजित कराने की संभावना जताई जा रही है। जल्द ही परीक्षा शेड्यूल को लेकर विस्तृत गाइडलाइन जारी की जा सकती है।

केंद्रीय शिक्षा विभाग भी करेगा समग्र समीक्षा

शिक्षकों के लिए टीईटी की अनिवार्यता को लेकर सिर्फ मध्य प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश के कई अन्य राज्यों से भी लगातार आपत्तियां और शिकायतें सामने आ रही हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए अब केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय भी इस पूरे नियम और इसकी व्यवस्था को लेकर व्यापक समीक्षा बैठक करने की तैयारी में है।

Youthwings