Rajya Sabha Elections 2026: हरदीप पुरी के सामने निर्दलीय की एंट्री, कांग्रेस ने दिया समर्थन; जानें कौन हैं राजकुमार लोहानी

भोपाल। मध्य प्रदेश में राज्यसभा की एक रिक्त सीट पर होने वाले उपचुनाव की राजनीतिक बिसात पूरी तरह बिछ चुकी है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने जहाँ केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी को अपना उम्मीदवार बनाया है, वहीं कांग्रेस ने अपना कोई औपचारिक प्रत्याशी उतारने के बजाय निर्दलीय उम्मीदवार और सामाजिक कार्यकर्ता राजकुमार लोहानी को अपना खुला समर्थन दे दिया है।

सोमवार को राजकुमार लोहानी ने मध्य प्रदेश विधानसभा सचिवालय पहुँचकर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान मध्य प्रदेश विधानसभा के उप नेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे उनके प्रस्तावक बने। नामांकन के समय कांग्रेस विधायक आरिफ अकील सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और नेता मौजूद रहे।

कौन हैं निर्दलीय प्रत्याशी राजकुमार लोहानी?

पुराने भोपाल के रहने वाले 65 वर्षीय राजकुमार लोहानी जन्म 1959 एक सामाजिक कार्यकर्ता के तौर पर पहचाने जाते हैं। हायर सेकेंडरी तक शिक्षित लोहानी का अब तक किसी भी प्रत्यक्ष राजनीतिक दल से जुड़ाव नहीं रहा है।

नामांकन के बाद राजकुमार लोहानी ने मीडिया से कहा, “मेरा प्रत्यक्ष राजनीति से कोई लेना-देना नहीं रहा है। जैसे ही मुझे पता चला कि बीजेपी की तरफ से हरदीप सिंह पुरी का नाम तय हुआ है, मैंने लोकतंत्र के हित में चुनाव लड़ने का फैसला किया। मैंने कांग्रेस से समर्थन माँगा था, जो उन्होंने सहर्ष स्वीकार कर लिया। चुनाव का परिणाम चाहे जो भी हो, यह कदम लोकतंत्र को जीवंत रखने के लिए उठाया गया है।”

कांग्रेस का बीजेपी पर तीखा वार: ‘दागदार प्रत्याशी को नहीं जाने देंगे’

निर्दलीय प्रत्याशी को समर्थन देने के फैसले पर उप नेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे ने कहा कि राजकुमार लोहानी एक निष्कलंक सामाजिक कार्यकर्ता हैं। उन्होंने पार्टी से समर्थन माँगा और विचार-विमर्श के बाद पार्टी ने उन्हें समर्थन देने का निर्णय लिया। कटारे ने बीजेपी प्रत्याशी हरदीप सिंह पुरी पर तीखा राजनीतिक हमला बोलते हुए उन्हें “दागदार प्रत्याशी” करार दिया और कहा कि ऐसे व्यक्ति को संसद के उच्च सदन में निर्विरोध नहीं भेजा जाना चाहिए।

क्यों खाली हुई थी सीट और कौन हैं हरदीप पुरी?

यह सीट पूर्व में केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई थी। मुरुगन अप्रैल 2024 में मध्य प्रदेश से राज्यसभा सदस्य चुने गए थे और उनका कार्यकाल 2030 तक था, लेकिन उनके इस्तीफे के चलते यहाँ उपचुनाव की स्थिति बनी।

बीजेपी प्रत्याशी हरदीप सिंह पुरी (74) भारतीय विदेश सेवा (IFS) के पूर्व राजनयिक रहे हैं और वर्तमान में केंद्र की मोदी सरकार में पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री का दायित्व संभाल रहे हैं।

Youthwings