‘ज्ञानेश ज्ञानेश यस पापा, वोट चोरी यस पापा’: रामलीला मैदान में ममता बनर्जी ने कविता सुनाकर साधा BJP और CEC पर निशाना

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित विपक्षी गठबंधन ‘INDIA’ की महारैली के मंच से तृणमूल कांग्रेस (TMC) की प्रमुख ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ बेहद तीखे तेवर दिखाए। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार पर तीखा हमला बोलते हुए उन्हें ‘वैनिश कुमार’ का नया नाम दिया और आरोप लगाया कि चुनावी प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर धांधली कर जनादेश को चुराया गया है।
ममता बनर्जी ने मंच से दो टूक शब्दों में कहा कि पश्चिम बंगाल को SIR जैसी परिस्थितियों का शिकार बनाया गया, लेकिन वे पीछे हटने वाली नहीं हैं। उन्होंने कहा, “पश्चिम बंगाल को लूटा गया है, लेकिन हम झुकेंगे नहीं। हम अपनी जान दे देंगे, पर लोकतंत्र की रक्षा के लिए लड़ेंगे। हम दिल्ली में लोकतंत्र को बचाकर वापस लाएंगे।”
SIR का नया अर्थ: ‘बीजेपी को स्पेशल इंटेनसिव रिलीफ’
चुनावी प्रक्रियाओं और कथित धांधली को लेकर ममता बनर्जी ने ‘SIR’ शब्द की नई व्याख्या पेश की। उन्होंने कहा, “एसआईआर का असली मतलब है स्पेशल इंटेनसिव रिलीफ टू ए पॉलिटिकल पार्टी लाइक BJP। ज्ञानेश कुमार ने उन्हें क्या नहीं दिया? आपने ईवीएम को लूटा, लोकतंत्र को लूटा, संविधान को लूटा, जनता के अधिकारों को लूटा और हमारे चुनावी मतगणना के नतीजों को लूटा।”
‘ज्ञानेश नहीं, वैनिश कुमार हैं CEC’
मुख्य चुनाव आयुक्त पर व्यक्तिगत और राजनीतिक हमला बोलते हुए ममता बनर्जी ने कहा, “वैनिश कुमार जी, आपने केवल मतदाताओं के वोट ही वैनिश नहीं किए, बल्कि सेंट्रली हाइजैकिंग करके पूरी मतगणना को ही वैनिश कर दिया है। हमारे बंगाल की मतदाता सूची से 1 करोड़ से अधिक वोटरों के नाम निकाल दिए गए। हम चुनाव के पहले हारे नहीं थे, बल्कि हमें सुनियोजित तरीके से हराया गया है। इसका बदला हम राजनीति से लेंगे, हम लोकतंत्र के जरिए लेंगे और आखिरी सांस तक लड़ेंगे।”
कविता सुनाकर साधा निशाना: ‘वैनिश-वैनिश यस पापा, वोट चोरी यस पापा’
भाषण के दौरान ममता बनर्जी ने एक व्यंग्यात्मक कविता पाठ करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त और भारतीय जनता पार्टी की कथित सांठगांठ पर सीधा प्रहार किया। उन्होंने कहा ‘वैनिश-वैनिश (ज्ञानेश-ज्ञानेश) यस पापा, वोट चोरी यस पापा, लोकतंत्र चोरी यस पापा, लूट किया- BJP पापा, परदे के पीछे में कौन है- BJP पापा, लकड़ी चोरी- BJP पापा, इज्जत चोरी- BJP पापा, किसान का सम्मान चोरी- BJP पापा, मजदूर का घर तोड़ा- BJP पापा, BJP को चाहिए- नो पापा, वैनिश कुमार को चाहिए- नो पापा।’
ममता बनर्जी के इस अंदाज पर रामलीला मैदान में मौजूद विपक्षी कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। उन्होंने साफ किया कि यह लड़ाई सिर्फ सत्ता की नहीं, बल्कि देश के संविधान और चुनावी संस्थाओं की साख बचाने की है।
