CG Weather Update: अर्नब के बाद अब मुरासु का खतरा! छत्तीसगढ़ में भारी बारिश और आकाशीय बिजली का अलर्ट, अगले 3 दिन रहें सतर्क

CG Weather Update: बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान “मुरासु” (Cyclone MURASU) के तेजी से आगे बढ़ने के कारण छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार, मुरासु एक गंभीर चक्रवात का रूप ले चुका है, जिसका सीधा असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर देखने को मिल रहा है। प्रदेश के कई इलाकों में आज हल्की से मध्यम बारिश के साथ बिजली गिरने की आशंका है, वहीं 3 और 4 नवंबर को भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

रायपुर और प्रदेश का तापमान

रायपुर का हाल: राजधानी रायपुर में आज आकाश आंशिक रूप से मेघमय रहने और गरज-चमक के साथ अंधड़ चलने की संभावना है। यहाँ अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

बीते 24 घंटे का तापमान: रविवार को जगदलपुर में प्रदेश का सबसे अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पेंड्रा रोड में सबसे कम न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री सेल्सियस रहा। इस दौरान बलरामपुर में 5 सेमी और ओरछा में 1 सेमी बारिश दर्ज की गई।

चक्रवात का प्रभाव और रूट

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, यह चक्रवाती तूफान दक्षिण आंध्र प्रदेश के तट की ओर बढ़ रहा है। इस दौरान हवा की रफ्तार 100 से 110 किमी प्रति घंटे और झोंके 120 किमी प्रति घंटे तक पहुँच सकते हैं। चक्रवात का असर तटीय इलाकों के अलावा छत्तीसगढ़, तेलंगाना, रायलसीमा और दक्षिण ओडिशा में भी साफ नजर आ रहा है। छत्तीसगढ़ के मध्य और दक्षिणी हिस्सों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और भारी बारिश के आसार हैं।

Youthwings