महादेव सट्टे पर CBI का बड़ा शिकंजा: दुबई से इंडिया पहुंचा, एयरपोर्ट पर गिरफ्तार

महादेव सट्टे

रायपुर: ऑनलाइन महादेव सट्टा एप मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच एजेंसी ने कथित सट्टा सिंडिकेट से जुड़े अभिषेक कुमार को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि दुबई से भारत लौटने के बाद जैसे ही वह हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचा, सीबीआई ने उसे हिरासत में ले लिया।

जांच एजेंसी के मुताबिक, अभिषेक कुमार पर महादेव बेटिंग नेटवर्क से जुड़े बेटिंग पैनल के संचालन और फंड कलेक्शन में भूमिका निभाने का आरोप है। सीबीआई को यह भी जानकारी मिली है कि कथित अवैध कमाई से दुबई में अचल संपत्ति खरीदने में भी उसकी भूमिका रही।

बेटिंग पैनल और फंड कलेक्शन में भूमिका का आरोप

सीबीआई की जांच में सामने आया है कि अभिषेक कुमार कथित तौर पर बेटिंग पैनल को कोऑर्डिनेट करने और उससे जुड़े पैसों के लेन-देन में सक्रिय था। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से कुछ आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद होने की बात जांच एजेंसी ने कही है।

अधिकारियों के अनुसार, बरामद सामग्री की शुरुआती जांच में इसके महादेव बेटिंग एप के संचालन से संबंध होने की आशंका जताई गई है। जांच एजेंसी का कहना है कि अभिषेक कथित तौर पर महादेव एप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर और शुभम सोनी के साथ मिलकर काम करता था।

फरार आरोपियों को वापस लाने की कोशिश

महादेव सट्टा एप मामले में विदेश में मौजूद आरोपियों को भारत लाने के लिए जांच एजेंसी की कार्रवाई भी जारी है। सीबीआई के अनुसार, अब तक 7 रेड कॉर्नर नोटिस जारी किए जा चुके हैं और 2 प्रत्यर्पण प्रस्ताव भेजे गए हैं।

इसके अलावा दो आरोपियों के खिलाफ प्रत्यर्पण की प्रक्रिया चल रही है। एजेंसी का कहना है कि ऑनलाइन सट्टा कारोबार से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान, गिरफ्तारी और कथित अपराध से अर्जित रकम का पता लगाने के लिए जांच आगे भी जारी रहेगी।

पहले हैदराबाद, फिर रायपुर लाया गया आरोपी

गिरफ्तारी के बाद अभिषेक कुमार को हैदराबाद की स्थानीय अदालत में पेश किया गया। सीबीआई की मांग पर अदालत ने उसे तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड दी। इसके बाद आरोपी को रायपुर लाया गया और सीबीआई की विशेष अदालत में पेश किया गया।

रायपुर की अदालत ने अभिषेक कुमार को दो दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया है। जांच एजेंसी अब उससे महादेव सट्टा नेटवर्क से जुड़े कथित लेन-देन, बेटिंग पैनल और अन्य आरोपियों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

महादेव सट्टा एप मामले में छत्तीसगढ़ के अलग-अलग थानों में अब तक 13 एफआईआर दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। सीबीआई इस पूरे नेटवर्क से जुड़े लोगों और कथित अवैध कमाई के स्रोतों की जांच कर रही है।

Youthwings