Chhattisgarh Rain Alert: छत्तीसगढ़ में अभी नहीं थमेगा बारिश का दौर, मौसम विभाग ने कई जिलों में जारी किया अलर्ट; जानें आपके इलाके का हाल
Chhattisgarh Rain Alert: छत्तीसगढ़ में मानसून की विदाई से पहले मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। देश के कई राज्यों में भले ही मानसून की रफ्तार धीमी पड़ गई हो या विदाई हो चुकी हो, लेकिन छत्तीसगढ़ में यह अभी भी सक्रिय नजर पिछले दो-तीन दिनों से प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश की गतिविधियां लगातार जारी हैं। मौसम विभाग ने आने वाले घंटों में भी कई इलाकों में बारिश की संभावना जताई है।
बंगाल की खाड़ी के सिस्टम का असर
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से आगे बढ़े मौसमी सिस्टम (उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के ऊपर बना डीप डिप्रेशन) के प्रभाव से प्रदेश में मौसम बदला है। यह सिस्टम उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है, जिसके असर से मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियों में तेजी आने का अनुमान लगाया गया है। विभाग ने कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और कुछेक जगहों पर गरज-चमक के साथ भारी बारिश व बिजली गिरने (वज्रपात) की चेतावनी जारी की है।
राज्य में अब तक औसत बारिश के आंकड़े
राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में 1 जून से अब तक औसतन 1017.5 मिमी वर्षा दर्ज की जा चुकी है, जो पिछले 10 वर्षों के औसत (1067.6 मिमी) का 95.3 प्रतिशत है। हालांकि, राज्य भर में औसत स्थिति भले ही सामान्य के करीब दिख रही हो, लेकिन जिलों के हिसाब से बारिश में काफी असमानता देखने को मिली है:
- सबसे ज्यादा बारिश वाले जिले: बलरामपुर जिले में इस वर्ष सबसे अधिक (औसत से 167% से अधिक) यानी 1504.5 मिमी बारिश दर्ज की गई है। इसके अलावा सारंगढ़-बिलाईगढ़, रायपुर, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, महासमुंद, गरियाबंद, सूरजपुर, नारायणपुर, मुंगेली, बालोद, धमतरी, बलौदाबाजार और जांजगीर-चंपा में आंकड़े सामान्य या उससे ऊपर रहे हैं।
- कम बारिश वाले जिले: दूसरी ओर, कांकेर जिले में सबसे कम (सामान्य का 68.2%) बारिश दर्ज हुई है। इसके अलावा मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, बेमेतरा, सुकमा, बीजापुर, सरगुजा, जशपुर, कबीरधाम, बस्तर, कोंडागांव, रायगढ़, कोरबा, राजनांदगांव और बिलासपुर सहित कई अन्य जिलों में वर्षा का आंकड़ा सामान्य से कम रहा है।
पिछले 24 घंटों के दौरान कोंडागांव, सुकमा, गरियाबंद, बस्तर, कांकेर, धमतरी और नारायणपुर समेत कई अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बौछारें दर्ज की गई हैं, जिससे तापमान में भी हल्की गिरावट महसूस की जा रही है।
