Indore Mayor Son Speech: इंदौर महापौर के बेटे का जोशीला भाषण, मोदी सरकार पर साधे तंज, मोहन यादव भी ठहाके लगाते दिखे

Indore Mayor Son Speech: इंदौर में आयोजित वाद-विवाद प्रतियोगिता के दौरान महापौर पुष्यमित्र भार्गव के बेटे संघमित्र भार्गव का भाषण सुर्खियों में है। देवी अहिल्या विश्वविद्यालय में हुए इस कार्यक्रम में संघमित्र ने डेली कॉलेज की ओर से भाग लिया और विपक्ष की ओर से बोलते हुए मोदी सरकार की नीतियों और घोषणाओं पर करारे तंज कसे।

मोदी सरकार पर संघमित्र का हमला

संघमित्र ने अपने भाषण में आंकड़ों के साथ सरकार पर तीखे सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि रेलवे का विकास केवल कागजों पर हो रहा है। बुलेट ट्रेन का सपना दिखाया गया, लेकिन असलियत में यह सिर्फ वादाखिलाफी की रफ्तार से दौड़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 10 सालों में रेलवे हादसों में 20,000 लोगों की जान गई है। आज लोग ट्रेन यात्रा करते समय सफर की बजाय दुर्घटना से बचने की दुआ मांगते हैं।

संघमित्र ने यह भी कहा कि यात्रियों की सुरक्षा का पैसा डायवर्ट कर दिया गया है और सरकार “सबका साथ, सबका विकास” का दावा करती है, जबकि हकीकत में जनता का विनाश और सत्ताधारियों का विकास हो रहा है। उन्होंने तंज कसा कि रेलवे में वेटिंग लिस्ट इतनी लंबी है कि टिकट मिलने के बाद भी यात्री यात्रा नहीं कर पाते।

नेताओं की प्रतिक्रिया और ठहाके

संघमित्र के भाषण को सुनकर मंच पर मौजूद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर और महापौर पुष्यमित्र भार्गव पहले तो चौंक गए, लेकिन भाषण के दौरान उनकी बातें सुनकर सभी ठहाके लगाने लगे। पूरा हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

भाषण के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मंच संभालते हुए कहा कि रेलवे का वास्तविक विकास भाजपा सरकार की ही देन है, जबकि कांग्रेस ने हमेशा रेलवे को नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने महापौर पर चुटकी लेते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताओं से अच्छे वक्ता सामने आते हैं। इसके बाद मुख्यमंत्री ने संघमित्र को पुरस्कार देकर दुलार किया और साथ में फोटो भी खिंचवाई।

कांग्रेस ने सराहा, महापौर ने दी सफाई

भाषण के बाद राजनीति भी गरमा गई। कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने संघमित्र की तारीफ करते हुए उन्हें एक बेहतरीन वक्ता बताया। वहीं, महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने बचाव करते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं शैक्षणिक स्तर पर बच्चों को खुलकर अपने विचार रखने का मौका देती हैं। कांग्रेस जानबूझकर इस मामले को राजनीतिक रंग देने की कोशिश कर रही है।

महापौर ने तंज कसते हुए कहा कि “कांग्रेस खेल में राजनीति करती है और राजनीति को खेल समझती है। यही कारण है कि कांग्रेस का निर्माण नहीं बल्कि विसर्जन हो रहा है।”

बताया जा रहा है कि केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भी संघमित्र का भाषण सुना है और संभावना है कि रेल मंत्रालय जल्द ही इस पर प्रतिक्रिया दे सकता है।

Youthwings