‘होटल जला दिया, मैं जान बचाकर भागी’: नेपाल में फंसी भारतीय महिला उपासना गिल ने लगाई मदद की गुहार

नेपाल में जेन-Z के भारी विरोध प्रदर्शन और राजनीतिक संकट के बीच, भारतीय महिला उपासना गिल पोखरा में फंसी हुई हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावुक वीडियो जारी कर मदद की गुहार लगाई है। उपासना ने बताया कि जिस होटल में वे रुकी थीं, उसे प्रदर्शनकारियों ने आग लगा दी और लोग उनके पीछे भी दौड़ रहे थे। उनकी यह आपबीती सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।

उपासना गिल का डरावना अनुभव

पर्सनालिटी कोच प्रफुल्ल गर्ग ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर उपासना गिल का वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह कह रही हैं, “मैं भारतीय दूतावास से मदद की अपील करती हूं। मैं नेपाल के पोखरा में फंसी हुई हूं। मैं वॉलीबॉल लीग होस्ट करने आई थी। जिस होटल में हम थे, उसे आग के हवाले कर दिया गया।”

उपासना ने आगे बताया, “मैं स्पा में थी जब लोग डंडे लेकर मेरे पीछे भागे। किसी तरह अपनी जान बचाकर होटल से बाहर निकली। हर जगह आग लगी है। यहां तक कि पर्यटकों को भी नहीं बख्शा जा रहा। हम सब कुछ खो चुके हैं। अब केवल सुरक्षित घर लौटने की उम्मीद है। कृपया मदद कीजिए।”

भारतीय दूतावास से मिली सीमित मदद

उपासना ने बताया कि उन्होंने भारतीय दूतावास से संपर्क किया था, लेकिन उन्हें कोई ठोस मदद नहीं मिली। दूतावास ने उन्हें होटल के अंदर ही रहने को कहा, लेकिन जब प्रदर्शनकारी अंदर घुस आए और आग लगा दी तो वे सुरक्षित बाहर नहीं निकल पाईं।

सोशल मीडिया बैन से शुरू हुआ मामला :

नेपाल में सोशल मीडिया प्रतिबंध को लेकर जेन-ज़ेड युवा वर्ग के बीच हिंसक विरोध प्रदर्शन शुरू हुआ, जो अब एक बड़े सरकार-विरोधी आंदोलन में तब्दील हो गया है। अब तक इस हिंसा में 19 लोगों की मौत और 500 से अधिक लोग घायल हो चुके हैं।

सुरक्षा स्थिति बिगड़ने पर नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने 9 सितंबर को इस्तीफा दे दिया। देश की सुरक्षा व्यवस्था अब नेपाल सेना के नियंत्रण में है, खासकर काठमांडू और पोखरा जैसे महत्वपूर्ण शहरों में।

भारत ने जारी की यात्रा सलाह और हेल्पलाइन

भारत सरकार ने नेपाल में फंसे भारतीय नागरिकों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। साथ ही, आपातकालीन सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर भी सक्रिय किए गए हैं। फंसे हुए लोग इन नंबरों पर संपर्क कर मदद ले सकते हैं: 977-9808602881 (व्हाट्सएप कॉल भी), 977-9810326134

Youthwings