प्रार्थना सभा की आड़ में धर्मांतरण, पुलिस ने 16 लोगों के खिलाफ दर्ज किया केस

बिलासपुर। जिले में एक बार फिर धर्मांतरण का मामला सामने आया है। सरकंडा थाना क्षेत्र के सूर्या विहार में प्रार्थना सभा की आड़ में अवैध रूप से धर्मांतरण कराए जाने का गंभीर आरोप लगा है। हिंदू संगठन बजरंग दल की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 299, 3(5) तथा छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम 1968 की धारा 3 के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

जानकारी के अनुसार, सरकंडा थाना क्षेत्र में जेम्स सिंह के निजी मकान में रविवार को करीब 16 लोगों को एकत्र कर प्रार्थना सभा आयोजित की जा रही थी। आरोप है कि इस दौरान प्रलोभन और भय दिखाकर हिंदू धर्म के लोगों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा था। साथ ही बिना अनुमति के निजी आवास को प्रार्थना भवन के रूप में संचालित किया जा रहा था।

 

बजरंग दल की शिकायत

बजरंग दल बिलासपुर के जिला संयोजक गौरव धनकर ने लिखित आवेदन में बताया कि पैलेस के पीछे जेम्स सिंह द्वारा अपने निजी आवास में 16 अन्य लोगों को प्रलोभित कर एवं भयभीत कर हिंदू धर्म के लोगों को बहलाकर ईसा मसीह की प्रार्थना कराई जा रही थी। साथ ही बिना अनुमति के निजी आवास को प्रार्थना भवन के रूप में संचालित कर धर्म परिवर्तन कराया जा रहा था।

 

उन्होंने बताया कि आज सुबह 8:30 बजे बजरंग दल कार्यकर्ताओं के माध्यम से सूचना मिली कि राजकिशोर नगर, देवांगन होटल के बाजू वाली गली में एक आवासीय मकान में अवैध रूप से हिंदू धर्म के लोगों को बहला-फुसलाकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा था।

 

पुलिस की कार्रवाई

शिकायत मिलते ही सरकंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में आरोपों की पुष्टि के बाद पुलिस ने तत्काल एफआईआर दर्ज कर ली है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। जांच में शामिल लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और धर्मांतरण के प्रयास में इस्तेमाल हुए प्रलोभनों व दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।

Youthwings