गुरुग्राम में महिला बाइकर को कार ने मारी टक्कर: पहले किया पीछा, फिर साइड मारकर हुए फरार; कैमरे में कैद पूरी वारदात

गुरुग्राम। साइबर सिटी गुरुग्राम के पॉश इलाके गोल्फ कोर्स रोड पर रविवार को एक रोंगटे खड़े कर देने वाला ‘हिट एंड रन’ का मामला सामने आया है। यहां अपनी स्पोर्ट्स बाइक पर जा रही एक चर्चित महिला बाइकर सिया को कार सवार युवकों ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सिया बाइक समेत सड़क पर गिर गईं और उनकी बाइक कई मीटर तक घिसटती चली गई। हादसे के बाद आरोपी कार चालक मौके से तेजी से गाड़ी भगा ले गया। घटना की पूरी रिकॉर्डिंग बाइक पर लगे कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद गुरुग्राम पुलिस ने मामले का स्वतः संज्ञान लिया है।

राइड की शुरुआत से ही कर रहे थे पीछा, नशे में बदसलूकी का आरोप

पीड़िता सिया अपने बाइकिंग ग्रुप के साथ अप्रिलिया आरएस 457 स्पोर्ट्स बाइक पर गोल्फ कोर्स रोड से गुजर रही थीं। सिया ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर घटना का वीडियो साझा करते हुए पूरी आपबीती बताई है।

पीड़िता के अनुसार राइड शुरू होने के कुछ ही देर बाद से एक सफेद रंग की कार उनका पीछा कर रही थी। कार में सवार युवक आक्रामक तरीके से गाड़ी को बार-बार स्पोर्ट्स बाइक के नजदीक ला रहे थे। कार सवार खिड़की खोलकर फब्तियां कस रहे थे और बदसलूकी कर रहे थे। जब सिया ने उन्हें दूरी बनाए रखने की चेतावनी दी, तो उन्होंने उल्टा उन्हें बाइक सड़क किनारे रोकने की धमकी दी।

सिया का आरोप है कि कार में सवार लोग नशे की हालत में प्रतीत हो रहे थे। कुछ दूरी तक समानांतर चलने के बाद कार चालक ने अचानक आगे निकलकर बाइक को बाईं तरफ से जोरदार साइड टक्कर मार दी, जिससे सिया संतुलन खोकर सड़क पर जा गिरीं।

बाइक के कैमरे में कैद हुई पूरी करतूत

इस खौफनाक घटना का पूरा दृश्य सिया के हेलमेट और बाइक पर लगे गोप्रो कैमरे में स्पष्ट रूप से रिकॉर्ड हो गया। वीडियो में साफ दिख रहा है कि किस तरह कार ने खतरनाक ढंग से ओवरटेक करते हुए बाइक को टक्कर मारी और बाइक चिंगारियां छोड़ती हुई सड़क पर काफी दूर तक फिसलती गई। सिया ने वाहन का विवरण भी साझा किया है, जिसके अनुसार कार का रजिस्ट्रेशन नंबर HR30Y4949 है और इसका पंजीकृत मालिक मनीष नाम का व्यक्ति बताया जा रहा है।

सोशल मीडिया पर आक्रोश, गुरुग्राम पुलिस दर्ज कर रही एफआईआर

वीडियो सामने आते ही इंटरनेट पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। यूजर्स ने दिल्ली, गुरुग्राम और हरियाणा पुलिस को टैग करते हुए आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज करने और सख्त कार्रवाई की मांग की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए गुरुग्राम पुलिस तुरंत हरकत में आ गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हालांकि पीड़िता की ओर से अब तक कोई औपचारिक लिखित शिकायत थाने में नहीं दी गई है, लेकिन वायरल वीडियो की भयावहता को देखते हुए पुलिस ने मामले का स्वतः संज्ञान लिया है। पुलिस वाहन नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है और संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर कार सवारों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

Youthwings