रायपुर DEO कार्यालय में भीषण आग, महत्वपूर्ण दस्तावेज जलकर खाक
Raipur : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में शनिवार (17 जनवरी 2026) की रात जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) कार्यालय में अचानक भीषण आग लग गई। टैगोर नगर स्थित इस कार्यालय के स्टोर रूम (भंडार कक्ष) में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि वे एक किलोमीटर दूर तक दिखाई दीं।
आग लगने की सूचना मिलते ही कार्यालय कर्मचारियों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचित किया। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद करीब एक घंटे में आग पर काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई, लेकिन विभागीय दस्तावेजों को भारी नुकसान पहुंचा है।
स्टोर रूम में रखे महत्वपूर्ण रिकॉर्ड जैसे स्कूलों से संबंधित फाइलें, मध्यान्ह भोजन योजना के दस्तावेज, अनुकंपा नियुक्ति, स्कूल मान्यता, पत्राचार और पुरानी फाइलें जलकर राख हो गईं। इससे स्कूल शिक्षा विभाग के कार्यों पर कुछ समय तक असर पड़ने की आशंका है।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है। स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने घटना की विस्तृत जांच कराने के निर्देश दिए हैं। जांच में आग लगने के सटीक कारण, सुरक्षा मानकों में लापरवाही और नुकसान की मात्रा का आकलन किया जाएगा। विभागीय अधिकारी जल्द ही जिला प्रशासन को विस्तृत रिपोर्ट सौंपेंगे।
घटना के बाद स्कूल शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल DEO कार्यालय में सीमित कामकाज जारी है और वैकल्पिक व्यवस्था से जरूरी कार्य निपटाए जा रहे हैं।
