India’s First Vande Bharat Sleeper: इंतजार खत्म! पीएम मोदी ने देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को दिखाई हरी झंडी, आधुनिक सुविधाओं से है लैस

India’s First Vande Bharat Sleeper: देश की रेल यात्रा में एक नया अध्याय जुड़ गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह अत्याधुनिक ट्रेन फिलहाल कोलकाता से गुवाहाटी के बीच चलेगी और पश्चिम बंगाल व असम के लोगों को तेज, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा का तोहफा देगी। वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया गया है, जो तेज रफ्तार के साथ बेहतर सुविधाओं का अनुभव कराएगी।

180 किमी प्रतिघंटा तक की क्षमता, फिलहाल 120–130 की रफ्तार

वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को 180 किमी प्रति घंटे की अधिकतम गति के हिसाब से तैयार किया गया है। हालांकि शुरुआती चरण में इसका संचालन 120 से 130 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से किया जाएगा। इससे यात्रियों का समय बचेगा और लंबी दूरी की यात्रा ज्यादा सहज हो सकेगी।

16 कोच, 823 यात्रियों की क्षमता

इस ट्रेन में कुल 16 कोच लगाए गए हैं। इनमें 11 थर्ड एसी, 4 सेकंड एसी और 1 फर्स्ट एसी कोच शामिल हैं। एक बार में यह ट्रेन करीब 823 यात्रियों को सफर करा सकती है। स्लीपर सुविधा के साथ यह ट्रेन लंबी दूरी के यात्रियों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी।

किराया भी घोषित

भारतीय रेलवे ने वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के रूट के साथ ही किराया भी तय कर दिया है।

थर्ड एसी का किराया 2300 रुपये रखा गया है, जिसमें भोजन की सुविधा भी शामिल है।

सेकंड एसी में यात्रा करने के लिए 3000 रुपये, जबकि फर्स्ट एसी का किराया 3600 रुपये तय किया गया है।

मॉडर्न टॉयलेट से लेकर ऑटोमैटिक दरवाजों तक

वंदे भारत स्लीपर ट्रेन पूरी तरह आधुनिक तकनीक से लैस है। इसमें सेंसर आधारित नलों वाले मॉडर्न टॉयलेट, बेहतर क्लीनिंग सिस्टम, और स्वचालित स्लाइडिंग दरवाजे लगाए गए हैं, जो स्टेशन आने पर ही खुलते हैं। यात्रियों की सुरक्षा के लिए ट्रेन में इमरजेंसी टॉक-बैक यूनिट भी दी गई है, जिससे आपात स्थिति में यात्री ट्रेन मैनेजर या लोको पायलट से सीधे संपर्क कर सकेंगे।

पर्यटन और व्यापार को मिलेगा बढ़ावा

हावड़ा से कामाख्या के बीच चलने वाली यह ट्रेन न केवल आम यात्रियों के लिए राहत लेकर आएगी, बल्कि कामाख्या मंदिर से जुड़े धार्मिक पर्यटन, उत्तर बंगाल के चाय उद्योग और पर्यटन क्षेत्र को भी नई गति देगी। इसके साथ ही पीएम मोदी ने मालदा में 3250 करोड़ रुपये से अधिक की रेल और सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास किया और चार अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को भी हरी झंडी दिखाई, जिससे पूर्वोत्तर और उत्तर बंगाल की कनेक्टिविटी और मजबूत होगी।

Youthwings