विवादित बयान पर कायम कांग्रेस विधायक फूलसिंह बरैया, माफी मांगने से किया इनकार

भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस के विधायक फूलसिंह बरैया अपने विवादित बयान को लेकर माफी मांगने से साफ इनकार करते हुए उस पर कायम हैं। इंदौर एयरपोर्ट पर राहुल गांधी के साथ मौजूद बरैया से जब मीडिया ने सवाल किए तो उन्होंने कहा कि वह अपने समाज की “40 करोड़ महिलाओं के साथ खड़े हैं” और जो कुछ कहा है, वह एक दार्शनिक की किताब में लिखा हुआ है।

बरैया ने दावा किया कि उनका बयान दार्शनिक हरिमोहन झा के लेखन पर आधारित है। उन्होंने कहा, “मैंने जो कहा, वह किताब में लिखा है। अपने बयान के साथ मैं खड़ा हूं, मेरे साथ कोई और नहीं है। करोड़ों महिलाओं की इज्जत बचाने के लिए फूलसिंह बरैया खड़ा है।”

जाति और सहवास को लेकर दिया विवादित तर्क

फूलसिंह बरैया ने अपने बयान को सही ठहराते हुए जाति और सहवास से जुड़े श्लोकों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति और जनजाति के करोड़ों वोट हैं और इसी संदर्भ में उन्होंने हरिमोहन झा के लेख का हवाला दिया। उनके इस बयान को लेकर सियासी हलकों में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।

BJP का कांग्रेस पर हमला

फूलसिंह बरैया के बयान को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला है। विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि अगर राहुल गांधी में थोड़ी भी शर्म बची है, तो उन्हें फूलसिंह बरैया को कांग्रेस से निष्कासित करना चाहिए और देश की माताओं-बहनों से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कांग्रेस की मानसिकता को “घिनौनी और अपराधी” करार दिया।

रामेश्वर शर्मा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस का इतिहास महिलाओं के प्रति अपमानजनक रहा है और आज भी उसके नेता आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर कार्रवाई नहीं हुई तो जनता कांग्रेस को सबक सिखाएगी।

महिला विरोधी मानसिकता का आरोप

पूर्व मंत्री अर्चना चिटनीस ने भी कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी “लड़की हूं, लड़ सकती हूं” जैसे नारे देती है, लेकिन अपने ही विधायक के बयान पर चुप है। उन्होंने सवाल किया कि क्या महिलाओं की खूबसूरती और बलात्कार जैसे विषयों पर इस तरह की टिप्पणी स्वीकार्य है। चिटनीस ने कहा कि कांग्रेस की मानसिकता शुरू से ही महिला विरोधी रही है और अब उसे इसका जवाब देना चाहिए।

Youthwings