भारत के खिलाफ ये इशारा करना Fatima Sana को पड़ा भारी, ICC ने ठोका 10% मैच फीस का जुर्माना
Fatima Sana: शफाली वर्मा को आउट करने के बाद पवेलियन की ओर किया था इशारा, ICC ने मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया
भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप 2026 के ग्रुप-ए मुकाबले के दौरान आचार संहिता के उल्लंघन के मामले में पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम की कप्तान Fatima Sana पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने कार्रवाई की है। ICC के मुताबिक, फातिमा पर उनकी मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है और उनके अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक डिमेरिट प्वाइंट जोड़ा गया है।
शफाली वर्मा के आउट होने के बाद किया था इशारा
यह मामला शनिवार को दुबई में खेले गए भारत-पाकिस्तान मुकाबले का है। जानकारी के मुताबिक, भारतीय पारी के दूसरे ओवर में Fatima Sana ने सलामी बल्लेबाज शफाली वर्मा को आउट करने के बाद पवेलियन की ओर इशारा किया था।
ICC ने उनके इस व्यवहार को लेवल-1 के आचार संहिता उल्लंघन के तौर पर माना। फातिमा ने आरोप को स्वीकार कर लिया, जिसके बाद मामले में औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी।
24 महीने में दूसरी बार अनुशासनात्मक कार्रवाई
ICC के अनुसार, पिछले 24 महीनों में यह Fatima Sana का आचार संहिता से जुड़ा दूसरा उल्लंघन है। इससे पहले 6 अगस्त 2025 को आयरलैंड के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के पहले मुकाबले में भी उन्हें एक डिमेरिट प्वाइंट मिला था।
नए डिमेरिट प्वाइंट के बाद फातिमा के खाते में 24 महीने की अवधि में कुल दो डिमेरिट प्वाइंट हो गए हैं।

चार डिमेरिट प्वाइंट पर हो सकता है बैन
लेवल-1 के उल्लंघन के मामलों में खिलाड़ी को चेतावनी दी जा सकती है या उसकी मैच फीस का अधिकतम 50 प्रतिशत तक जुर्माना लगाया जा सकता है। इसके अलावा एक या दो डिमेरिट प्वाइंट भी दिए जा सकते हैं।
ICC के नियमों के अनुसार, 24 महीने की अवधि में किसी खिलाड़ी के चार या उससे अधिक डिमेरिट प्वाइंट होने पर उन्हें सस्पेंशन प्वाइंट में बदला जा सकता है। ऐसी स्थिति में खिलाड़ी को निलंबन का सामना करना पड़ सकता है।
फिलहाल फातिमा सना के खाते में दो डिमेरिट प्वाइंट हैं।
