सावधान! दिल्ली में फिर हुआ CNG पंप पर जानलेवा धमाका, अप्रैल वाले हादसे की खौफनाक याद हुई ताजा
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली से दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। दिल्ली के टिकरी कलां इलाके में स्थित एक सीएनजी स्टेशन पर बुधवार को गैस भरवाते समय जोरदार धमाका हो गया। इस हादसे में मौके पर खड़े 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से इलाज के दौरान एक व्यक्ति ने दम तोड़ दिया है। धमाका इतना तेज था कि पूरे इलाके में दहशत और अफरातफरी का माहौल बन गया।
कैसे हुआ हादसा और फायर सर्विस का एक्शन
दिल्ली फायर सर्विस के मुताबिक हादसा उस वक्त हुआ जब सीएनजी स्टेशन पर एक ट्रक में गैस भरी जा रही थी। अचानक ट्रक का सीएनजी टैंक फट गया। फायर सर्विस को दोपहर 3:37 बजे इस घटना की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही बिना देरी किए 6 दमकल गाड़ियों को मौके पर रवाना किया गया।
धमाके की चपेट में आने से पास खड़े 6 लोग घायल हुए थे। फायर सर्विस के कर्मचारियों ने सभी को तुरंत पास के अस्पताल पहुंचाया, जहां एक घायल की मौत हो गई, जबकि 5 अन्य का इलाज जारी है।
अधिकारियों का कहना है कि धमाके की असल वजह का अभी पता नहीं चल पाया है। फिलहाल मौके पर स्थिति को काबू में कर लिया गया है और मामले की गहन जांच चल रही है।
अप्रैल में भी हुआ था ऐसा ही दर्दनाक हादसा
दिल्ली में सीएनजी पंप पर धमाके का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले अप्रैल 2026 में भी दिल्ली के द्वारका इलाके में एक सीएनजी पंप पर ऐसा ही हादसा हुआ था।
वहां भी एक ट्रक में गैस भरते समय सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया था। उस घटना में 4 लोग बुरी तरह घायल हुए थे, जिनमें से 3 लोग पंप के कर्मचारी थे।
