Cough Syrups Deaths: मध्य प्रदेश में कोल्ड्रिफ सिरप की बिक्री पर रोक, मासूमों की मौत पर सरकार ने लिया सख्त कदम
Cough Syrups Deaths
Cough Syrups Deaths: छिंदवाड़ा में कोल्ड्रिफ सिरप से हुई बच्चों की मौत के बाद मध्य प्रदेश सरकार ने कड़ा एक्शन लिया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस सिरप की बिक्री पूरे राज्य में तुरंत रोकने का आदेश दिया है। उन्होंने X पोस्ट पर लिखा कि बच्चों की मौत अत्यंत दुखद है और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
कोल्ड्रिफ सिरप बनाने वाली फैक्ट्री कांचीपुरम में स्थित है। घटना के संज्ञान में आने के बाद मध्य प्रदेश सरकार ने तमिलनाडु सरकार से जांच करने को कहा था। आज सुबह प्राप्त जांच रिपोर्ट के आधार पर सख्त कदम उठाया गया।
मुख्यमंत्री ने आदेश में कहा कि सिरप के सैंपल में डायथिलीन ग्लाइकॉल (DEG) पाया गया है, जो स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। इसी वजह से इसके वितरण और बिक्री को तुरंत रोकने के निर्देश दिए गए हैं। अगर संबंधित सिरप उपलब्ध पाया जाता है, तो इसे फ्रीज करके औषधि परीक्षण प्रयोगशालाओं में भेजा जाएगा।
सिर्फ कोल्ड्रिफ सिरप ही नहीं, इस कंपनी के अन्य सभी उत्पादों की बिक्री और वितरण पर भी रोक लगा दी गई है। कंपनी का नाम श्रीसन फार्मास्युटिकल है, जो बंगलौर हाईवे, सुंगुवाचत्रम, कांचीपुरम में स्थित है।
इसके अलावा, 3 अक्टूबर 2025 से देश के 6 राज्यों में 19 दवा कंपनियों पर रिस्क बेस्ड इंस्पेक्शन शुरू की गई है। इस जांच का मकसद यह पता लगाना है कि गुणवत्ता में कमी क्यों आई और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए निर्माण प्रक्रिया में सुधार किया जा सके।
मध्य प्रदेश में NIV, ICMR, NEERI, CDSCO और AIIMS नागपुर के विशेषज्ञों की टीम भी छिंदवाड़ा और आसपास के इलाकों में हुई मौतों की जांच कर रही है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी।
