मध्य प्रदेश के शिक्षकों के लिए बड़ी खबर: अप्रैल तक पूरी होगी तबादला प्रक्रिया, नए सत्र में पढ़ाई पर नहीं पड़ेगा कोई असर
मप्र के शिक्षकों के लिए बड़ी खबर
भोपाल: मध्य प्रदेश स्कूल शिक्षा विभाग ने आगामी शैक्षणिक सत्र को व्यवस्थित और सुचारु बनाने के लिए बड़ा प्रशासनिक निर्णय लिया है। विभाग ने तय किया है कि नए शैक्षणिक सत्र में सरकारी स्कूलों के शिक्षकों की तबादला प्रक्रिया अप्रैल माह के अंत तक पूरी कर ली जाएगी। इस बार सत्र की शुरुआत के साथ ही स्थानांतरण प्रक्रिया शुरू की जाएगी, ताकि ग्रीष्म अवकाश के बाद स्कूल खुलते ही शिक्षकों की कमी न रहे।
समायोजन के बाद शुरू होगी तबादला प्रक्रिया
पिछले वर्ष मई से जुलाई तक चली तबादला प्रक्रिया के कारण स्कूलों की शैक्षणिक व्यवस्था प्रभावित हुई थी। बड़ी संख्या में शिक्षकों ने ऑनलाइन आवेदन किया था, लेकिन शिक्षा पोर्टल पर रिक्त पद अपडेट न होने के कारण कई शिक्षक तबादले से वंचित रह गए। इस बार विभाग पहले अतिशेष शिक्षकों का समायोजन करेगा, उसके बाद ही तबादला प्रक्रिया शुरू की जाएगी। यह पूरी प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी।
शिक्षक संघ की मांग
एमपी शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. क्षत्रवीर सिंह राठौर ने कहा है कि शिक्षा पोर्टल को पहले अपडेट किया जाना चाहिए, ताकि सभी रिक्त पदों की सही जानकारी उपलब्ध हो सके। उन्होंने बताया कि प्रदेश के सरकारी स्कूलों में वर्तमान में लगभग चार लाख शिक्षक पदस्थ हैं।
इन वर्गों को मिलेगी प्राथमिकता
इस वर्ष की तबादला नीति में दो श्रेणियों को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। गंभीर बीमारी से पीड़ित शिक्षकों के मामलों में सहानुभूतिपूर्वक निर्णय लेते हुए उन्हें गृह क्षेत्र के आसपास पदस्थ किया जाएगा। वहीं अलग-अलग जिलों में कार्यरत शिक्षक दंपतियों को एक ही स्थान या समीपस्थ क्षेत्र में पदस्थ करने को पहली प्राथमिकता दी जाएगी।
शैक्षणिक कैलेंडर रहेगा सुरक्षित
अक्सर अगस्त या सितंबर में तबादले होने से शैक्षणिक कैलेंडर प्रभावित होता है। अप्रैल में प्रक्रिया पूरी होने से शिक्षकों को ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान नए स्थान पर कार्यभार ग्रहण करने और स्कूल व्यवस्था से परिचित होने का पर्याप्त समय मिलेगा, जिससे पढ़ाई पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
read more :चाइनीज मांझा पर सख्ती: रायपुर नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, दुकानों से जब्त…
