राष्ट्रीय युवा दिवस पर मुख्यमंत्री साय ने 8 युवाओं और युवा स्टार सेवा समिति को किया सम्मानित

राष्ट्रीय युवा दिवस

राष्ट्रीय युवा दिवस

रायपुर: राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले राज्य के आठ युवाओं और धमतरी जिले की युवा स्टार सेवा समिति, खुरतुली को सम्मानित किया। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा रायपुर के नवीन विश्राम भवन में आयोजित युवा रत्न सम्मान समारोह में सामाजिक, सांस्कृतिक, साहित्यिक, शैक्षणिक, खेल एवं अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले युवाओं को छत्तीसगढ़ युवा रत्न सम्मान प्रदान किया गया।

“भारत युवाओं का देश है” : मुख्यमंत्री साय

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्वामी विवेकानंद की 163वीं जयंती पर उनके विचारों को स्मरण किया। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने मात्र 31 वर्ष की आयु में विश्व मंच पर भारत की सांस्कृतिक विरासत और सभ्यता का गौरव बढ़ाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत युवाओं का देश है और राज्य सरकार युवाओं की प्रतिभा को संवारने, आगे बढ़ाने और उन्हें अवसर देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

युवाओं को विवेकानंद के मार्ग पर चलने का आह्वान

मुख्यमंत्री साय ने युवाओं से स्वामी विवेकानंद के बताए मार्ग पर चलने का आह्वान करते हुए कहा कि दृढ़ इच्छाशक्ति, परिश्रम, समर्पण और संकल्प के साथ लक्ष्य की ओर बढ़ने से सफलता अवश्य मिलती है। उन्होंने खेल एवं युवा कल्याण विभाग की इस पहल की सराहना भी की।

इन युवाओं को मिला छत्तीसगढ़ युवा रत्न सम्मान

राष्ट्रीय युवा दिवस पर आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने—

बेमेतरा के एस्ट्रोफिजिक्स के सबसे कम उम्र के वैज्ञानिक एवं पीएचडी छात्र पीयूष जायसवाल (NASO ओलंपियाड स्वर्ण पदक विजेता)

कांकेर की शिल्पा साहू (सामाजिक क्षेत्र)

सरगुजा के अमित यादव (साहित्य)

महासमुंद की मृणाल विदानी (नवाचार)

दुर्ग की सुश्री परिधि शर्मा (शिक्षा)

को छत्तीसगढ़ युवा रत्न सम्मान से सम्मानित किया।

खेल, कला और लोककला में भी युवाओं को मिला सम्मान

मुख्यमंत्री ने— बिलासपुर की अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी संजू देवी (खेल)

कवर्धा के सचिन कुनहरे (कला एवं संस्कृति)

आरू साहू (लोककला)

को भी उत्कृष्ट योगदान के लिए युवा रत्न सम्मान प्रदान किया।

युवा स्टार सेवा समिति को सामूहिक सम्मान

इसके अलावा मुख्यमंत्री ने धमतरी जिले के खुरतुली की युवा स्टार सेवा समिति को स्वास्थ्य, पर्यावरण, स्वच्छता, साक्षरता, महिला उत्थान, सामाजिक जागरूकता, नशामुक्ति, मतदाता जागरूकता और जल संरक्षण जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्यों के लिए छत्तीसगढ़ युवा रत्न सम्मान से सम्मानित किया।

 

Youthwings