Commercial LPG Supply India: कमर्शियल LPG पर लगी रोक हटी, देशभर में फिर शुरू हुआ गैस सिलेंडर वितरण
Commercial LPG Supply India: पांच दिन की रोक के बाद देश में कमर्शियल Liquefied Petroleum Gas सिलेंडरों की सप्लाई फिर से शुरू कर दी गई है। Ministry of Petroleum and Natural Gas ने शनिवार को बताया कि देश के 29 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कमर्शियल सिलेंडरों का वितरण दोबारा शुरू कर दिया गया है।
गौरतलब है कि सरकार ने 9 मार्च को कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई पर अस्थायी रोक लगा दी थी। अब इस प्रतिबंध को हटा दिया गया है। सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे घबराकर गैस सिलेंडर की अतिरिक्त बुकिंग न करें।
कालाबाजारी रोकने के लिए तेज हुई कार्रवाई
सरकार ने बताया कि सिलेंडरों की कालाबाजारी और अवैध भंडारण को रोकने के लिए देशभर में छापेमारी तेज कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि घरेलू उपभोक्ताओं को घबराने की जरूरत नहीं है और गैस की सप्लाई सामान्य रूप से जारी रहेगी।
दिल्ली-NCR में होटल-रेस्टोरेंट को वैकल्पिक ईंधन की अनुमति
पेट्रोलियम मंत्रालय की जॉइंट सेक्रेटरी सुजाता शर्मा के अनुसार Delhi NCR में इंडस्ट्री, होटल और रेस्टोरेंट को एक महीने तक वैकल्पिक ईंधन के इस्तेमाल की अनुमति दी गई है। इसके तहत वे नेचुरल गैस की जगह बायोमास से बने पेलेट्स, खासकर रिफ्यूज डिराइव्ड फ्यूल (RDF) पेलेट्स का अस्थायी रूप से उपयोग कर सकेंगे।
गैस बुकिंग में अचानक बढ़ोतरी
सरकारी आंकड़ों के अनुसार पहले रोज करीब 55 लाख सिलेंडरों की बुकिंग होती थी, लेकिन हाल के दिनों में यह संख्या बढ़कर लगभग 88 लाख तक पहुंच गई है। फिलहाल गैस कंपनियां रोज करीब 50 लाख सिलेंडरों की डिलीवरी कर रही हैं।
नियमों के मुताबिक दो सिलेंडरों की डिलीवरी के बीच कम से कम 25 दिन का अंतर तय किया गया है, जबकि ग्रामीण इलाकों में यह अंतर 45 दिन रखा गया है।
भारत अपनी जरूरत का करीब 88 प्रतिशत कच्चा तेल, 50 प्रतिशत गैस और लगभग 60 प्रतिशत एलपीजी आयात करता है। इसी को देखते हुए सरकार ने घरेलू उत्पादन को पहले 10 प्रतिशत और फिर 25 प्रतिशत तक बढ़ाया था, जिसे अब बढ़ाकर 31 प्रतिशत तक कर दिया गया है।
