UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2025 में छत्तीसगढ़ के युवाओं का शानदार प्रदर्शन, रायपुर की वैभवी अग्रवाल को 35वीं रैंक
UPSC
रायपुर। UPSC (संघ लोक सेवा आयोग ) की सिविल सेवा परीक्षा 2025 के फाइनल रिजल्ट में छत्तीसगढ़ के युवाओं ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। इस परीक्षा में राजधानी रायपुर की वैभवी अग्रवाल, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले की दर्शना सिंह बघेल और धमतरी के डायमंड सिंह ध्रुव ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की है।
रायपुर की वैभवी अग्रवाल ने हासिल की 35वीं रैंक
राजधानी Raipur के गुढ़ियारी क्षेत्र की रहने वाली वैभवी अग्रवाल ने ऑल इंडिया 35वीं रैंक प्राप्त की है। यह उनका तीसरा प्रयास था। इससे पहले दो बार उन्हें असफलता का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और लगातार मेहनत के बाद आखिरकार सफलता हासिल कर ली।
रिजल्ट जारी होने के बाद वैभवी अपने परिवार के साथ मंदिर जाकर भगवान का आशीर्वाद लेने पहुंचीं। उन्होंने बताया कि बचपन से ही उनका सपना समाज सेवा करने का रहा है और इसी लक्ष्य के साथ उन्होंने सिविल सेवा की तैयारी की।
दर्शना सिंह बघेल को मिली 383वीं रैंक
Manendragarh-Chirmiri-Bharatpur जिले के जनकपुर की रहने वाली दर्शना सिंह बघेल ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 383वीं रैंक हासिल की है। पिछले साल उन्होंने प्रारंभिक और मुख्य परीक्षा तो पास कर ली थी, लेकिन इंटरव्यू में चयन नहीं हो सका था।
दूसरे प्रयास में उन्होंने बेहतर प्रदर्शन करते हुए सफलता हासिल की। दर्शना के पिता अरुण सिंह बघेल किसान हैं और सोसाइटियों का संचालन भी करते हैं, जबकि उनकी मां सीमा सिंह जनकपुर नगर पंचायत की पार्षद हैं।
धमतरी के डायमंड सिंह ध्रुव ने पाई 623वीं रैंक
Dhamtari जिले के ग्राम परसवानी के रहने वाले डायमंड सिंह ध्रुव ने भी UPSC में 623वीं रैंक हासिल की है। वे छत्तीसगढ़ राज्य पुलिस सेवा के 2024 बैच के डीएसपी अधिकारी हैं।
उन्होंने अपनी नौकरी के साथ-साथ यूपीएससी की तैयारी जारी रखी और अब इस प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता प्राप्त की है। माना जा रहा है कि इस रैंक के आधार पर उनका चयन भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के लिए हो सकता है।
रायपुर के दो अन्य अभ्यर्थियों का भी चयन
इनके अलावा रायपुर के रौनक अग्रवाल और संजय डहरिया का भी चयन हुआ है। यूपीएससी के परिणाम घोषित होने के बाद पूरे प्रदेश में खुशी का माहौल है और सफल अभ्यर्थियों को लगातार बधाइयां दी जा रही हैं।
