अटेंडेंस ऐप को लेकर शिक्षिका का फूटा गुस्सा : बोलीं- नियम है तो नेताओं-अफसरों पर भी हो लागू

अटेंडेंस एप

जांजगीर-चांपा: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ ब्लॉक से एक शिक्षिका का वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में शिक्षिका स्कूलों में लागू किए गए नए ऑनलाइन अटेंडेंस ऐप को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर करती नजर आ रही हैं। उन्होंने छत्तीसगढ़ी भाषा में शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए अटेंडेंस ऐप के जरिए शिक्षकों को परेशान किए जाने का आरोप लगाया है।

वीडियो सामने आने के बाद यह सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। शिक्षिका ने अपनी बात रखते हुए कहा कि यदि शिक्षकों के लिए निर्धारित समय पर स्कूल पहुंचकर उपस्थिति दर्ज करना अनिवार्य किया जा रहा है, तो इसी तरह के नियम सभी विभागों, नेताओं और अधिकारियों पर भी समान रूप से लागू होने चाहिए।

छत्तीसगढ़ी में शिक्षिका ने उठाए सवाल

वायरल वीडियो में शिक्षिका ने बेबाक अंदाज में अपनी बात रखी है। उन्होंने ऑनलाइन अटेंडेंस व्यवस्था को लेकर कई सवाल उठाए और कहा कि इस व्यवस्था के कारण शिक्षकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शिक्षिका ने सरकार को चेतावनी देते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की। उनके बयान का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसको लेकर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।

read more : देश में बनेंगे 100 नए एयरपोर्ट : सरकार का ₹30 हजार करोड़ का बड़ा प्लान

मवेशियों की समस्या का भी किया जिक्र

शिक्षिका ने अपने वीडियो में सिर्फ ऑनलाइन अटेंडेंस ऐप का मुद्दा ही नहीं उठाया, बल्कि सड़कों पर घूम रहे आवारा मवेशियों की समस्या का भी जिक्र किया। उन्होंने शासन-प्रशासन से जुड़े मुद्दों पर सवाल उठाते हुए अपनी बात रखी। वीडियो वायरल होने के बाद जहां कुछ लोग शिक्षिका के बेबाक अंदाज की चर्चा कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कुछ लोगों ने उनके इस तरीके को अनुशासनहीनता से जोड़कर देखा है।

शिक्षा विभाग ने लिया संज्ञान

मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने भी इसका संज्ञान लिया है। जांजगीर-चांपा के DEO अशोक सिन्हा ने बताया कि नवागढ़ ब्लॉक के तुलसी हाईस्कूल में पदस्थ व्याख्याता का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। DEO के मुताबिक वीडियो में शिक्षिका का व्यवहार अनुशासनहीनता के दायरे में आता है। मामले में शिक्षिका को नोटिस जारी किया गया है और नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

वायरल वीडियो के बाद बढ़ी चर्चा

ऑनलाइन अटेंडेंस ऐप को लेकर शिक्षकों की ओर से सामने आ रही आपत्तियों के बीच इस वीडियो ने बहस को और तेज कर दिया है। एक ओर शिक्षिका के सवालों को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा हो रही है, तो दूसरी ओर शिक्षा विभाग द्वारा की जा रही कार्रवाई भी सुर्खियों में है। फिलहाल मामले में विभागीय कार्रवाई जारी है और आगे की स्थिति नोटिस के जवाब एवं विभागीय प्रक्रिया के आधार पर स्पष्ट होगी।

Youthwings