बालाघाट में EOW का बड़ा छापा: पीडब्ल्यूडी कार्यपालन यंत्री केके सिंगारे के तीन ठिकानों पर दबिश, कैश और संदिग्ध लिफाफे बरामद

बालाघाट। मध्य प्रदेश में भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) ने एक बार फिर बड़ा एक्शन लिया है। लोक निर्माण विभाग (PWD) के कार्यपालन यंत्री के.के. सिंगारे के ठिकानों पर गुरुवार तड़के ईओडब्ल्यू की टीम ने एक साथ छापामार कार्रवाई शुरू की। यह कार्रवाई अधिकारी के बालाघाट स्थित शासकीय आवास के अलावा उनके छिंदवाड़ा स्थित निजी आवास और भोपाल के परिसरों में एक साथ की जा रही है।

तड़के 5 बजे पहुंची टीम, बंगले से मिला कैश और संदिग्ध सामग्री

बालाघाट में ईओडब्ल्यू के डीएसपी मनजीत सिंह के नेतृत्व में जांच दल ने सुबह 5 बजे कार्यपालन यंत्री के सरकारी आवास पर दबिश दी। प्राथमिक पड़ताल के दौरान शासकीय बंगले से 2.5 लाख रुपये की नकदी, एक स्कॉर्पियो वाहन और एक दर्जन से अधिक खाली लिफाफे बरामद हुए हैं, जिन्हें जांच एजेंसी ने अपने कब्जे में ले लिया है। इन खाली लिफाफों और नकदी के लेनदेन को लेकर अधिकारी से सघन पूछताछ की जा रही है।

आय से अधिक संपत्ति और लॉकरों की होगी सघन जांच

ईओडब्ल्यू अधिकारियों के मुताबिक, यह पूरी कार्रवाई भ्रष्टाचार और आर्थिक अनियमितताओं से जुड़ी गोपनीय शिकायतों के सत्यापन के बाद की गई है। टीम अब कार्यपालन यंत्री के विभिन्न बैंक खातों, लॉकरों, अचल संपत्तियों और आय के अन्य ज्ञात स्रोतों से जुड़े दस्तावेजों को खंगालने में जुटी है। प्राथमिक जांच पूरी होने के बाद अनुपातहीन संपत्ति का बड़ा खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है।

Youthwings