केंद्रीय कर्मचारियों को दिवाली गिफ्ट! DA में 3% का इजाफा, अब 63% महंगाई भत्ता; एरियर भी मिलेगा

नई दिल्ली। त्योहारी सीजन के बीच केंद्र सरकार ने अपने लाखों कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को बड़ा दिवाली तोहफा दिया है। बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आयोजित केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में महंगाई भत्ते (DA) और महंगाई राहत (DR) में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी गई है। इस ताजा इजाफे के बाद केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स को मिलने वाला महंगाई भत्ता 60 प्रतिशत से बढ़कर 63 प्रतिशत हो गया है।

1 जुलाई 2026 से प्रभावी होंगी नई दरें, मिलेगा एरियर

केंद्रीय मंत्रिमंडल के फैसलों की जानकारी देते हुए केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि महंगाई भत्ते और महंगाई राहत की संशोधित दरें 1 जुलाई 2026 से प्रभावी मानी जाएंगी। इसका सीधा लाभ यह होगा कि कर्मचारियों और पेंशनर्स को जुलाई, अगस्त, सितंबर और अक्टूबर महीने का बकाया भी मौजूदा वेतन के साथ जुड़कर मिलेगा। त्योहारी सीजन से ठीक पहले खाते में मोटी रकम आने से कर्मचारियों में उत्साह का माहौल है।

7वें वेतन आयोग के स्वीकृत फॉर्मूले पर फैसला

केंद्रीय मंत्री ने स्पष्ट किया कि कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए DA और DR में की गई यह बढ़ोतरी 7वें केंद्रीय वेतन आयोग की सिफारिशों के अनुरूप स्वीकृत फॉर्मूले के आधार पर की गई है। यह कदम बढ़ती महंगाई के प्रभाव को कम करने और कर्मचारियों की क्रय शक्ति को बनाए रखने के उद्देश्य से उठाया गया है। इससे न केवल सेवारत कर्मचारियों के मासिक वेतन में उल्लेखनीय इजाफा होगा, बल्कि वरिष्ठ पेंशनभोगियों की मासिक पेंशन में भी सम्मानजनक बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।

साल में दूसरी बार बढ़ा महंगाई भत्ता

उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार साल में दो बार महंगाई भत्ते में संशोधन करती है। इससे पूर्व सरकार ने अप्रैल 2026 में DA और DR में 2-2 प्रतिशत की बढ़ोतरी की थी, जिससे यह दर 58 प्रतिशत से बढ़कर 60 प्रतिशत पर पहुंच गई थी। वहीं, उससे पहले अक्टूबर 2025 में 3-3 प्रतिशत की वृद्धि की गई थी। अब 3 फीसदी की नई बढ़ोतरी के साथ कुल महंगाई भत्ता 63 प्रतिशत के नए स्तर पर पहुंच गया है।

Youthwings