कनाडा में ट्रेनिंग के दौरान प्लेन क्रैश, 2 भारतीय छात्र पायलटों की मौत
ओटावा। कनाडा में उड़ान प्रशिक्षण के दौरान हुए एक दर्दनाक विमान हादसे में दो भारतीय छात्रों की मौत हो गई। दोनों छात्र वहां कमर्शियल पायलट बनने की ट्रेनिंग ले रहे थे। वैंकूवर स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने इस दुखद घटना की आधिकारिक पुष्टि की है।
हादसे में जान गंवाने वाले छात्रों की पहचान
विमान दुर्घटना में जान गंवाने वाले दोनों छात्र दक्षिण भारत के रहने वाले थे। जिनमें मनोज शिवकुमार तमिलनाडु के रहने वाले थे और श्रीसरन तिरुज्ञानसंबंधम, पुडुचेरी के रहने वाले थे।
प्रशिक्षण उड़ान के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, दोनों छात्र कनाडा में अपने एविएशन और कमर्शियल पायलट कोर्स के तहत नियमित उड़ान का अभ्यास कर रहे थे। इसी दौरान उनका विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया और दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
भारतीय दूतावास ने जताया गहरा शोक
वैंकूवर स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर इस घटना पर गहरा दुख जताया। दूतावास ने लिखा:
“वैंकूवर स्थित भारत का महावाणिज्य दूतावास तमिलनाडु के मनोज शिवकुमार और पुडुचेरी के श्रीसरन तिरुज्ञानसंबंधम की मौत पर गहरी संवेदना व्यक्त करता है। दोनों भारतीय छात्रों की कनाडा में उड़ान प्रशिक्षण के दौरान एक दुखद विमान हादसे में मौत हो गई।”
दूतावास ने आगे कहा कि इस कठिन समय में उनकी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। भारतीय दूतावास पार्थिव शरीरों को भारत वापस लाने और परिजनों को हर जरूरी कानूनी व राजनयिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए लगातार संपर्क बनाए हुए है।
