BJP on Congress Samvidhan Bachao Yatra: कांग्रेस की ‘संविधान बचाओ यात्रा’ पर मंत्री रामविचार नेताम का तंज, बोले- कांग्रेस बचाओ यात्रा है ये
BJP on Congress Samvidhan Bachao Yatra
BJP on Congress Samvidhan Bachao Yatra: कांग्रेस की ‘संविधान बचाओ यात्रा’ पर छत्तीसगढ़ सरकार के मंत्री रामविचार नेताम ने तीखा तंज कसते हुए इसे ‘कांग्रेस बचाओ यात्रा’ करार दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी संविधान की दुहाई देकर असल में अपनी राजनीतिक जमीन बचाने की कोशिश कर रही है। नेताम ने कहा कि कांग्रेस के पास अब कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए जनता को गुमराह करने के लिए देशभर में घूम-घूम कर प्रदर्शन कर रही है।
मंत्री नेताम ने जातिगत जनगणना को लेकर कांग्रेस द्वारा किए जा रहे प्रदर्शन को भी नकारते हुए कहा कि कांग्रेस की राजनीति अब केवल भटकाव पर आधारित है। उन्होंने कहा, “कांग्रेस अनर्गल बातें करती है। उनका एजेंडा खत्म हो चुका है। आज जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहते हैं, वही करके भी दिखाते हैं। वे केवल शिलान्यास नहीं करते, बल्कि परियोजनाओं का उद्घाटन भी करते हैं। इसीलिए कांग्रेस को अब धैर्य रखना चाहिए और समझना चाहिए कि जनता किसके साथ है।”
नक्सलमुक्त बस्तर पर बोले मंत्री – अब छत्तीसगढ़ पूरी तरह नक्सल मुक्त होगा
बस्तर को नक्सलमुक्त घोषित किए जाने पर मंत्री रामविचार नेताम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की रणनीति की तारीफ की। उन्होंने कहा कि यह एक सोच और परिकल्पना थी, जिसे केंद्र और राज्य सरकार ने मिलकर साकार किया है। मंत्री नेताम ने कहा, “हमारी सरकार और सुरक्षा बलों ने निर्णायक लड़ाई लड़ी है। मार्च 2026 तक पूरे देश को नक्सल मुक्त करने का लक्ष्य तय किया गया है, और उसी दिशा में तेज़ी से काम हो रहा है।”
उन्होंने आगे कहा कि अब बस्तर जैसे दुर्गम इलाकों को नक्सलियों से मुक्त कर दिया गया है। अगर कहीं कुछ छिटपुट उपस्थिति बची भी है, तो अगले मार्च तक उसका भी पूरी तरह से सफाया कर दिया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में छत्तीसगढ़ को एक नक्सलमुक्त राज्य के रूप में पहचाना जाएगा।
शिक्षक युक्तियुक्तकरण पर भी दी सफाई – “गुमराह करने की हो रही कोशिश”
राज्य में शिक्षकों के युक्तियुक्तकरण को लेकर उठ रहे विरोध पर भी मंत्री नेताम ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था को सही तरीके से समझने की जरूरत है। कुछ लोग जानबूझकर लोगों को गुमराह कर रहे हैं, जबकि सरकार का मकसद शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाना है।
मंत्री ने कहा कि एक ही कैंपस में दो-दो, तीन-तीन स्कूल संचालित हो रहे हैं और कई जगहों पर शिक्षकों की अनावश्यक संलग्नता देखी जा रही है। इस स्थिति को सुधारने के लिए ही युक्तियुक्तकरण किया जा रहा है, ताकि शिक्षकों की उपलब्धता का सही उपयोग हो सके और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।
“पिछली सरकार शिक्षा को लेकर गंभीर नहीं थी”
मंत्री नेताम ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उनकी प्राथमिकता कभी शिक्षा व्यवस्था को सुधारने की नहीं रही। उन्होंने कहा, “पिछली सरकार को सिर्फ नाम कमाने और मीडिया में दिखने की चिंता थी। इसी वजह से शिक्षक विहीन होकर सैकड़ों स्कूल बंद हो गए। अब हमारी सरकार इस व्यवस्था में सुधार लाने का प्रयास कर रही है, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति न बने और बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो।”
कुल मिलाकर, मंत्री रामविचार नेताम ने कांग्रेस की नीतियों और विरोध प्रदर्शनों पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार ठोस काम कर रही है, चाहे वो नक्सलवाद का खात्मा हो या शिक्षा व्यवस्था में सुधार। वहीं कांग्रेस को उन्होंने मुद्दा विहीन पार्टी बताते हुए कहा कि संविधान बचाओ यात्रा असल में कांग्रेस बचाओ यात्रा बन चुकी है।
