BJP मंडल अध्यक्ष की कार में लगी भीषण आग, डिप्टी सीएम के कार्यक्रम में जाते वक्त रास्ते में हुआ हादसा
मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में भाजपा मंडल अध्यक्ष की कार में अचानक आग लगने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और वाहन में सवार सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को डिप्टी सीएम Arun Sao के कार्यक्रम में शामिल होने भाजपा मंडल अध्यक्ष दिनेश कश्यप अपनी Mahindra & Mahindra की Mahindra XUV300 कार से कार्यकर्ताओं के साथ बृंदावल की ओर जा रहे थे। जैसे ही वाहन अखरार के पास पहुंचा, अचानक कार से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग की लपटें निकलने लगीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग कुछ ही मिनटों में तेजी से फैल गई और पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। स्थिति को भांपते हुए कार में सवार तीनों व्यक्ति तुरंत बाहर निकल आए। समय रहते सभी के सुरक्षित बाहर आ जाने से बड़ा हादसा टल गया। यदि थोड़ी भी देरी होती तो गंभीर जनहानि हो सकती थी।
बताया जा रहा है कि यह कार पिछले दीवाली पर ही खरीदी गई थी। आगजनी की घटना में वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया। घटना के बाद दिनेश कश्यप ने मीडिया से कहा कि ईश्वर की कृपा से सभी लोग सुरक्षित हैं। उन्होंने बताया कि वे कार्यक्रम में शामिल होने के लिए डिप्टी सीएम के साथ आगे रवाना हो गए थे, जबकि कार में उनके तीन साथी सवार थे।
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्राथमिक तौर पर तकनीकी खराबी को संभावित कारण माना जा रहा है।
