Bijapur Naxal Encounter Update : 135 केस वाला टॉप नक्सली दिलीप बेंडजा मुठभेड़ में ढेर, 36 घंटे के ऑपरेशन में 6 मारे

Bijapur Naxal Encounter Update: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के घने जंगलों में सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। थाना भोपालपटनम और थाना फरसेगढ़ की सीमा से लगे जंगल-पहाड़ी इलाके में करीब 36 घंटे तक चले भीषण एनकाउंटर में 4 महिला नक्सलियों सहित कुल 6 माओवादी मारे गए। इस मुठभेड़ में नेशनल पार्क एरिया कमेटी का टॉप माओवादी नेता DVCM दिलीप बेंडजा भी ढेर हो गया, जिस पर 8 लाख रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस के मुताबिक, नक्सली लीडर दिलीप बेंडजा और उसके दस्ते की मौजूदगी की पुख्ता खुफिया जानकारी के आधार पर DRG बीजापुर, DRG दंतेवाड़ा, STF, CoBRA 202, 206, 210 और CRPF 214 की संयुक्त टीम को ऑपरेशन पर भेजा गया था। 17 जनवरी 2026 की सुबह से सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच रुक-रुककर फायरिंग शुरू हुई, जो 18 जनवरी की शाम तक जारी रही।

एनकाउंटर के बाद चलाए गए सघन सर्च ऑपरेशन में कुल 6 नक्सलियों के शव बरामद किए गए। मारे गए नक्सलियों की पहचान DVCM दिलीप बेंडजा, ACM माड़वी कोसा, ACM पालो पोड़ियम, ACM लक्खी मड़काम, PM जुगलो बंजाम और PM राधा मेट्टा के रूप में हुई है। इन सभी पर कुल 27 लाख रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दिलीप बेंडजा के खिलाफ बीजापुर जिले के अलग-अलग थानों में 135 से ज्यादा गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे। वह कई बड़े नक्सली हमलों और सुरक्षाबलों पर हुए हमलों का मास्टरमाइंड रहा है।

मुठभेड़ स्थल से सुरक्षाबलों ने 2 AK-47 राइफल, 1 INSAS राइफल, 2 .303 राइफल, 1 कार्बाइन, BGL लॉन्चर, BGL सेल, वायरलेस सेट, स्कैनर, मल्टीमीटर, देशी हैंड ग्रेनेड, विस्फोटक सामग्री, नक्सली साहित्य, वर्दी, मेडिकल किट और नकद राशि बरामद की है।

बीजापुर पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेंद्र कुमार यादव ने बताया कि जिले में नक्सल विरोधी अभियान लगातार तेज किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में 163 नक्सली मारे गए थे, जबकि 2026 में अब तक 8 नक्सली ढेर हो चुके हैं। जनवरी 2024 से अब तक कुल 229 नक्सली मारे गए, 1126 गिरफ्तार किए गए और 876 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में वापसी की है।

बस्तर रेंज के आईजी सुंदरराज पट्टिलिंगम ने कहा कि लगातार आसूचना आधारित ऑपरेशनों और स्थानीय सहयोग से नक्सली नेटवर्क कमजोर हुआ है। उन्होंने शेष नक्सलियों से आत्मसमर्पण कर विकास की मुख्यधारा से जुड़ने की अपील की। ऑपरेशन के दौरान जंगल में भालू और वनभैंसा के हमले से दो जवान घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए हायर सेंटर भेजा गया है। दोनों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

Youthwings