महासमुंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 4.75 करोड़ का गांजा जब्त, दो अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार

महासमुंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई

महासमुंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई

महासमुंद: जिले में पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। जिले की एंटी नारकोटिक्स फोर्स ने कार्रवाई करते हुए दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 950 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 4 करोड़ 75 लाख रुपये आंकी गई है। दोनों आरोपी महाराष्ट्र के जालना जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।

ऑपरेशन निश्चय के तहत हुई कार्रवाई

दरअसल, जिले में “ऑपरेशन निश्चय” के तहत अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत पुलिस द्वारा एंड-टू-एंड इन्वेस्टिगेशन करते हुए तस्करी के सोर्स और डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क तक कार्रवाई की जा रही है।

इसी क्रम में थाना कोमाखान क्षेत्र में एंटी नारकोटिक्स फोर्स और थाना कोमाखान पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध आईचर ट्रक को रोका और तलाशी ली।

950 किलो गांजा और ट्रक जब्त

तलाशी के दौरान ट्रक से 950 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। इसके साथ ही गांजा परिवहन में प्रयुक्त आईचर ट्रक (क्रमांक MH 20EG 3969) जिसकी कीमत करीब 15 लाख रुपये है, जब्त किया गया। इसके अलावा दो मोबाइल फोन और 4050 रुपये नकद भी बरामद किए गए। कुल जब्त संपत्ति की कीमत 4 करोड़ 90 लाख 11 हजार 50 रुपये आंकी गई है।

NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 20 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। साथ ही फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक को खंगालने के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें रवाना की गई हैं, ताकि पूरे तस्करी नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।

गिरफ्तार आरोपी

अक्षय भोरजे, पिता पद्माकर भोरजे, उम्र 26 वर्ष, निवासी अकोला देव, थाना टेमणी, जिला जालना, महाराष्ट्र।

शुभम आरटे, पिता बालाजी आरटे, उम्र 24 वर्ष, निवासी कुच्चबघवा, जुना जालना, थाना कदीम, जिला जालना, महाराष्ट्र।

पिछले एक माह की बड़ी उपलब्धियां

पुलिस के अनुसार, पिछले एक माह में जिले में नारकोटिक्स एक्ट के तहत 17 मामलों में कुल 1918 किलो 610 ग्राम गांजा जब्त किया गया है, जिसकी कीमत 9 करोड़ 51 लाख रुपये से अधिक है। इसके अलावा 146 कोडीन सिरप, 19 वाहन और कुल 40 आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। आबकारी एक्ट के तहत भी अवैध शराब के 13 मामलों में 121 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

Youthwings