Bijapur Naxal Encounter News: बीजापुर में सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई, 6 नक्सली ढेर, मोस्ट वांटेड पापा राव की पत्नी उर्मिला भी मारी गई
Naxal Encounter
Bijapur Naxal Encounter News: बीजापुर जिले में एक बार फिर सुरक्षाबलों ने लाल आतंक पर बड़ा प्रहार किया है। नेशनल पार्क इलाके में हुई मुठभेड़ में 6 नक्सली मारे गए हैं, जिनमें एक महिला नक्सली उर्मिला भी शामिल है। बताया जा रहा है कि उर्मिला मोस्ट वांटेड नक्सली कमांडर पापा राव की पत्नी थी। वहीं, मद्देड़ एरिया कमेटी का इंचार्ज बूच्चना भी इस एनकाउंटर में ढेर हो गया है। कल सुबह सभी नक्सलियों के शव जिला मुख्यालय लाए जाएंगे।
नेशनल पार्क एरिया में पुलिस-नक्सली मुठभेड़
जानकारी के मुताबिक, बीजापुर जिले के नेशनल पार्क क्षेत्र में आज सुबह सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में अब तक 6 माओवादी मारे जाने की पुष्टि हुई है। घटनास्थल से ऑटोमैटिक हथियार, इंसास राइफल, स्टेनगन, .303 रायफल, विस्फोटक सामग्री और माओवादी साहित्य बरामद किया गया है।
इस ऑपरेशन में DRG (District Reserve Guard) और STF (Special Task Force) के जवान शामिल थे। कुछ नक्सलियों के भागने की खबर है, जो तारलागुडा मार्ग की ओर निकल गए। सुरक्षाबल लगातार उनकी तलाश में लगे हुए हैं।
सुरक्षा बलों का सर्च ऑपरेशन जारी
बीजापुर और दंतेवाड़ा की डीआरजी टीमों ने नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। सुबह करीब 10 बजे से नेशनल पार्क क्षेत्र में रुक-रुक कर गोलीबारी होती रही।
पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेंद्र यादव ने बताया कि ऑपरेशन अभी जारी है। अतिरिक्त बलों को आसपास के क्षेत्रों में भेजा गया है ताकि भागे हुए नक्सलियों की घेराबंदी की जा सके।
बस्तर IG बोले – निर्णायक सफलता
बस्तर रेंज के आईजी सुंदरराज पी. ने इस अभियान को सुरक्षाबलों की निर्णायक सफलता बताया है। उन्होंने कहा कि यह मुठभेड़ ऐसे समय में हुई है जब नक्सली संगठन नेतृत्वविहीन और मनोबलहीन स्थिति में अपने सीमित इलाकों में सिमट चुका है।
अधिकारियों ने बताया कि अभियान के पूरा होने के बाद विस्तृत रिपोर्ट जारी की जाएगी। बस्तर क्षेत्र में यह हाल के महीनों की सबसे बड़ी नक्सल विरोधी सफलता मानी जा रही है।
सीएम साय ने दी प्रतिक्रिया – “नक्सलवाद अपनी अंतिम सांसें गिन रहा है”
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बीजापुर में हुई इस बड़ी सफलता पर X (ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए कहा,
“लाल आतंक के विरुद्ध हमारा अभियान जारी है। नक्सलवाद अब अपनी अंतिम सांसें गिन रहा है। सुरक्षाबलों को इस वीरता के लिए सलाम।”
