Anti-Terror Action: श्रीनगर पुलिस का बड़ा एक्शन, आतंकवाद फैलाने वाले सज्जाद गुल की प्रॉपर्टी जब्त
Anti-Terror Action
Anti-Terror Action: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमला करवाने वाले आतंकवादी संगठन TRF के फाउंडर सज्जाद गुल पर अब बड़ा एक्शन लिया गया है। श्रीनगर पुलिस ने सज्जाद गुल की तीन मंजिला इमारत को कुर्क कर लिया है, जिसकी कीमत लगभग 2 करोड़ रुपये बताई जा रही है। यह संपत्ति रोज़ एवेन्यू, एचएमटी स्थित 15 मरला भूमि पर बनी हुई थी और इसे आतंकी के पिता गुलाम मोहम्मद शेख के नाम पर दर्ज किया गया था।
पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई परिमपोरा पुलिस स्टेशन में दर्ज FIR के तहत की गई है। इसके लिए गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) की धारा 25 का इस्तेमाल किया गया। इस धारा के तहत अधिकारियों को उन संपत्तियों को कुर्क करने का अधिकार होता है, जो आतंकी गतिविधियों में इस्तेमाल हुई हों या हो सकें।
श्रीनगर पुलिस के अनुसार, सज्जाद गुल आतंकवाद को बढ़ावा देने, देश विरोधी प्रचार करने और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म व सोशल मीडिया के जरिए असंतोष फैलाने में शामिल रहा है। इसी कारण उसके खिलाफ यह कार्रवाई संबंधित कार्यकारी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में की गई।
इस कार्रवाई के माध्यम से श्रीनगर पुलिस और सरकार ने आतंकवाद फैलाने वालों को कड़ा संदेश दिया है कि जो लोग सीमा पार से आतंक फैलाने में मदद करते हैं या उसके समर्थक हैं, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सज्जाद गुल की अवैध संपत्ति को कुर्क करना इसी रणनीति का हिस्सा है, ताकि आतंकवाद के नेटवर्क को कमजोर किया जा सके।
