Asia Cup 2025: भारत ने पाकिस्तान को 7 विकेट से हराया, सूर्यकुमार ने जीत को पहलगाम हमले के पीड़ितों और भारतीय सेना को किया समर्पित

Asia Cup 2025

Asia Cup 2025

Asia Cup 2025: एशिया कप 2025 के छठे मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 7 विकेट से मात देकर एक यादगार जीत दर्ज की। रविवार, 14 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए इस मैच में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट पर 127 रन बनाए। जवाब में भारत ने मात्र 15.5 ओवर में 3 विकेट खोकर 131 रन बनाते हुए मैच अपने नाम किया।

पहलगाम आतंकी हमले की छाया में हुआ मुकाबला

यह मुकाबला ऐसे समय में हुआ जब अप्रैल में हुए पहलगाम आतंकी हमले को लेकर देश में गुस्सा और भावनात्मक उबाल बना हुआ है। यही गुस्सा मैदान पर भी दिखाई दिया। मैच के दौरान भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से दूरी बनाए रखी।

टॉस के दौरान सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तान के कप्तान सलमान आगा से हाथ नहीं मिलाया। मैच खत्म होने के बाद भी सूर्यकुमार और शिवम दुबे ने किसी पाकिस्तानी खिलाड़ी से कोई औपचारिकता नहीं निभाई और सीधे पवेलियन लौट गए।

सूर्यकुमार ने जीत सेना और पहलगाम हमले के पीड़ितों को की समर्पित

पोस्ट-मैच प्रेजेंटेशन में सूर्यकुमार यादव ने कहा, “यह जीत हम पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों और भारतीय सेना को समर्पित करते हैं। हम उनके साथ खड़े हैं जिन्होंने अपने साहस से देश को सुरक्षित रखा। यह जीत हमारी तरफ से एक छोटी सी श्रद्धांजलि है।” सूर्यकुमार ने आगे कहा कि, “खेल भावना से आगे भी कुछ चीजें होती हैं। हम यहां सिर्फ खेलने आए थे, दोस्ती निभाने नहीं। हमारी प्राथमिकता अपने देश और उसके हितों के साथ खड़े रहना है।”

गौतम गंभीर ने ऑपरेशन ‘सिंदूर’ का किया सम्मान

भारतीय टीम के कोच गौतम गंभीर ने भी कप्तान के बयान का समर्थन किया। उन्होंने कहा, “हमारा मकसद केवल मैच जीतना नहीं था, बल्कि यह संदेश देना था कि हम अपनी सेना और शहीदों के परिवारों के साथ हैं। हम ऑपरेशन ‘सिंदूर’ की सफलता के लिए भारतीय सशस्त्र बलों को धन्यवाद देना चाहते हैं।” गंभीर ने आगे कहा, “जब आप देश के लिए खेलते हैं, तो मैदान पर हर रन, हर विकेट, हर इमोशन देश को समर्पित होता है।”

भारत की नई खेल नीति और पाकिस्तान से संबंध

यह मुकाबला 22 अप्रैल को हुए पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच पहला क्रिकेट मैच था। इस मैच को लेकर देश में बहिष्कार की मांग भी उठी थी। हालांकि, भारत की नई खेल नीति के तहत टीमों को पाकिस्तान के खिलाफ द्विपक्षीय श्रृंखला खेलने की अनुमति नहीं है, लेकिन बहुपक्षीय अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में आमना-सामना संभव है। इसके साथ ही, भारतीय एथलीटों को पाकिस्तान भेजने पर प्रतिबंध है और भारत में भी पाकिस्तानी खिलाड़ियों की मेज़बानी को लेकर सख्त निर्देश दिए गए हैं।

Youthwings