Mitchell Starc Announces Retirement: मिचेल स्टार्क ने लिया टी20 क्रिकेट से संन्यास, टेस्ट और वनडे पर होगा पूरा फोकस
Mitchell Starc Announces Retirement
Mitchell Starc Announces Retirement: ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने टी20 अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया है। 35 वर्षीय स्टार्क ने अपने करियर में 65 टी20 मैच खेले और कुल 79 विकेट चटकाए। उन्होंने बताया कि आने वाले वर्षों में भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज, एशेज और 2027 वनडे वर्ल्ड कप जैसे बड़े टूर्नामेंट को ध्यान में रखते हुए उन्होंने यह फैसला लिया है।
स्टार्क ने अपना आखिरी टी20 मैच भारत के खिलाफ जून 2024 में खेला था। उन्होंने कहा कि टेस्ट क्रिकेट हमेशा उनकी पहली प्राथमिकता रही है और ऑस्ट्रेलिया के लिए खेले गए हर टी20 मैच का उन्होंने भरपूर आनंद लिया। खासकर 2021 के वर्ल्ड कप को उन्होंने बेहद खास करार दिया।
संन्यास की वजह
मिचेल स्टार्क ने कहा कि अगले कुछ साल टेस्ट और वनडे के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण हैं। जनवरी 2027 में ऑस्ट्रेलिया भारत दौरे पर 5 टेस्ट मैचों की सीरीज खेलेगा, जो आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का अहम हिस्सा होगी। इसके अलावा 2027 में साउथ अफ्रीका, नामीबिया और जिम्बाब्वे में वनडे वर्ल्ड कप का आयोजन होगा। ऐसे में उन्होंने खुद को इन बड़े टूर्नामेंट के लिए फिट और तैयार रखने के उद्देश्य से टी20 से संन्यास लेने का निर्णय किया है।
उन्होंने कहा कि यह कदम ऑस्ट्रेलिया की नई गेंदबाजी यूनिट को भी मौका देगा ताकि 2026 टी20 वर्ल्ड कप के लिए बेहतर तैयारी हो सके।
ऑस्ट्रेलियाई चयन समिति की प्रतिक्रिया
ऑस्ट्रेलिया चयन समिति के अध्यक्ष जॉर्ज बेली ने मिचेल स्टार्क की तारीफ करते हुए कहा कि उन्हें अपने टी20 करियर पर गर्व होना चाहिए। स्टार्क 2021 की विश्व विजेता टीम के महत्वपूर्ण सदस्य थे। अच्छी बात यह है कि स्टार्क अब भी टेस्ट और वनडे क्रिकेट खेलते रहेंगे और टीम के लिए अहम भूमिका निभाएंगे।
मिचेल स्टार्क का टी20 करियर
स्टार्क ने सितंबर 2012 में पाकिस्तान के खिलाफ अपना टी20 अंतर्राष्ट्रीय डेब्यू किया था। उनका आखिरी टी20 भारत के खिलाफ 24 जून 2024 को खेला गया। अपने 12 साल लंबे टी20 करियर में उन्होंने 65 मैचों में 79 विकेट लिए और ऑस्ट्रेलियाई टीम को कई मौकों पर मजबूत किया।
