India vs Japan, Asia Cup Hockey 2025: भारत की दूसरी लगातार जीत, जापान को 3-2 से हराया, हरमनप्रीत सिंह फिर चमके
India vs Japan, Asia Cup Hockey 2025
India vs Japan, Asia Cup Hockey 2025: बिहार के राजगीर में चल रहे एशिया कप हॉकी 2025 में भारतीय हॉकी टीम का शानदार प्रदर्शन जारी है। टीम इंडिया ने अपने दूसरे पूल मैच में जापान को रोमांचक मुकाबले में 3-2 से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। इस जीत के हीरो रहे कप्तान हरमनप्रीत सिंह, जिन्होंने दो गोल दागे, जबकि मनदीप सिंह ने एक गोल किया।
इस मैच को गोलकीपर कृष्ण बहादुर पाठक के लिए और भी यादगार बना दिया, क्योंकि उन्होंने अपना 150वां इंटरनेशनल मैच खेला। मुकाबले से पहले उन्हें सम्मानित भी किया गया और पूरे मैच में उन्होंने कई अहम बचाव कर टीम की जीत सुनिश्चित की।
मैच का हाल
पहले क्वार्टर में ही भारत ने तूफानी शुरुआत करते हुए दो गोल दाग दिए। चौथे मिनट में मनदीप सिंह ने शानदार फील्ड गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। उसके तुरंत बाद कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर स्कोर 2-0 कर दिया। हाफटाइम तक भारतीय टीम 2-0 से आगे रही।
तीसरे क्वार्टर में जापान ने वापसी करने की कोशिश की और कवाबे कोसेई ने गोल दागकर स्कोर 2-1 कर दिया। चौथे क्वार्टर की शुरुआत में ही हरमनप्रीत सिंह ने एक और पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर भारत को 3-1 से आगे कर दिया। खेल खत्म होने से दो मिनट पहले कवाबे कोसेई ने जापान के लिए दूसरा गोल किया, लेकिन टीम जीत नहीं सकी और भारत 3-2 से विजयी रहा।
एशिया कप की अहमियत
भारत को एशिया कप 2025 में पूल-ए में जापान, चीन और कजाकिस्तान के साथ रखा गया है। भारत ने पहला मैच चीन के खिलाफ खेला था, जिसे उसने 4-3 से जीता था। अब टीम 1 सितंबर को कजाकिस्तान से भिड़ेगी।
यह टूर्नामेंट अहम है क्योंकि इसका विजेता टीम सीधे हॉकी वर्ल्ड कप 2026 (नीदरलैंड्स और बेल्जियम में, 14 से 30 अगस्त तक) में जगह बनाएगी।
भारत का एशिया कप रिकॉर्ड
यह एशिया कप का 17वां संस्करण है। भारत ने अब तक तीन बार खिताब जीता है – 2003, 2007 और 2017 में। वहीं दक्षिण कोरिया ने सबसे ज्यादा 5 बार और पाकिस्तान ने 3 बार यह खिताब जीता है। पाकिस्तान ने इस बार सुरक्षा कारणों से टूर्नामेंट से हटने का फैसला किया है।
भारतीय टीम स्क्वॉड – एशिया कप 2025
-
गोलकीपर: कृष्ण बहादुर पाठक, सूरज करकेरा
-
डिफेंडर: हरमनप्रीत सिंह (कप्तान), जरमनप्रीत सिंह, अमित रोहिदास, जुगराज सिंह, सुमित, संजय
-
मिडफील्डर: मनप्रीत सिंह, विवेक सागर प्रसाद, राज कुमार पाल, हार्दिक सिंह, राजिंदर सिंह
-
फॉरवर्ड: मनदीप सिंह, सुखजीत सिंह, अभिषेक, शिलानंद लाकड़ा, दिलप्रीत सिंह
