ED की बड़ी कार्रवाई: कांग्रेस विधायक को किया गिरफ्तार, छापेमारी में मिले 12 करोड़ कैश और 6 करोड़ की ज्वैलरी

ED

ED

गंगटोक/बेंगलुरु – प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कांग्रेस विधायक केसी वीरेंद्र कुमार उर्फ ‘पप्पी’ को अवैध ऑनलाइन और ऑफलाइन सट्टेबाजी रैकेट में मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी शनिवार को सिक्किम की राजधानी गंगटोक से हुई, जहां वह एक कसीनो डील के सिलसिले में पहुंचे थे।

ईडी ने यह कार्रवाई धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत की है। गिरफ्तार विधायक कर्नाटक के चित्रदुर्ग विधानसभा क्षेत्र से चुने गए हैं।

₹12 करोड़ नकद, सोना-चांदी और विदेशी मुद्रा जब्त

ईडी ने शुक्रवार को देशभर में एक साथ कई जगहों पर छापेमारी की थी, जिसमें

  • ₹12 करोड़ से अधिक नकद,

  • करीब ₹1 करोड़ की विदेशी मुद्रा,

  • ₹6 करोड़ के सोने के आभूषण,

  • 10 किलो से अधिक चांदी और

  • चार लग्ज़री वाहन बरामद किए गए।

गिरफ्तारी के बाद केसी वीरेंद्र कुमार को गंगटोक की अदालत में पेश कर ट्रांजिट रिमांड लिया गया है। अब उन्हें जांच के लिए बेंगलुरु लाया जाएगा।

परिवार के अन्य सदस्य भी जांच के घेरे में

जांच एजेंसी के मुताबिक, विधायक के साथ उनका भाई केसी नागराज और बेटा पृथ्वी एन. राज भी सट्टेबाजी नेटवर्क से जुड़े हुए हैं। इनके परिसरों से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए गए हैं।

ईडी ने यह भी खुलासा किया है कि एक और भाई केसी थिप्पेस्वामी, दुबई से ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म्स का संचालन कर रहा है।

30 से ज्यादा लोकेशन पर छापे, देशभर में फैला है नेटवर्क

शुक्रवार को ईडी ने चित्रदुर्ग, बेंगलुरु, जोधपुर, मुंबई, गोवा, हुबली समेत 30 से अधिक जगहों पर कार्रवाई की।

जांच में Puppy’s Casino Gold, Ocean Rivers, Big Daddy, और Ocean 7 जैसे बड़े कसीनो भी ईडी के रडार पर आए हैं।

ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स के नाम और मनी लॉन्ड्रिंग का शक

ईडी की रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी King567, Raja567, Puppy’s003, Ratna Gaming जैसे नामों से ऑनलाइन सट्टेबाजी वेबसाइट्स चला रहे थे। इन प्लेटफॉर्म्स के जरिए काले धन को वैध बनाने का भी शक है।

Youthwings