ये हो क्या रहा है? संसद के बाहर एक और संदिग्ध व्यक्ति पकड़ा गया: सुरक्षा व्यवस्था पर फिर उठे सवाल

संसद

संसद

देश की राजधानी दिल्ली में संसद भवन के पास एक बार फिर संदिग्ध व्यक्ति के पकड़े जाने की खबर सामने आई है। यह घटना लगातार दूसरे दिन हुई है, जिससे संसद परिसर की सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। इस बार संदिग्ध को रेल भवन के पास पकड़ा गया, जिसे CISF ने हिरासत में लेकर दिल्ली पुलिस के हवाले कर दिया है।

आज फिर एक संदिग्ध व्यक्ति पकड़ा गया:

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शनिवार को जब सीआईएसएफ के जवान नियमित गश्त पर थे, तब रेल भवन के पास उन्हें एक व्यक्ति की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। जवानों ने जब उससे पूछताछ की तो वह अपना मकसद स्पष्ट नहीं बता सका और उसके हावभाव भी संदेहास्पद थे। इसके बाद CISF ने उसके दस्तावेजों की जांच की और दिल्ली पुलिस को मौके पर बुलाकर उसे सौंप दिया।

“रोको टोको अभियान” के तहत पकड़ा गया:

फिलहाल दिल्ली पुलिस इस व्यक्ति से पूछताछ कर रही है और उसके दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है। हालांकि पुलिस का कहना है कि यह मामला सीधे तौर पर संसद की सुरक्षा में सेंध नहीं माना जा सकता। यह व्यक्ति “रोको टोको अभियान” के तहत पकड़ा गया है, जो सुरक्षा एजेंसियों द्वारा सार्वजनिक स्थलों पर सतर्कता बनाए रखने के लिए चलाया जाता है।

कल भी एक व्यक्ति को पकड़ा गया :

गौरतलब है कि शुक्रवार को भी एक अन्य व्यक्ति को संसद की दीवार फांदकर अंदर घुसने की कोशिश करते हुए पकड़ा गया था। उस समय भी सीआईएसएफ ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया था। लगातार दो दिनों में संसद भवन के पास संदिग्धों के पकड़े जाने की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल इस ताजा मामले में विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है और जैसे ही कोई नया अपडेट सामने आएगा, खबर को अपडेट किया जाएगा।

Youthwings