नवा रायपुर के आसमान में भारतीय वायुसेना का शौर्य, गरुड़ कमांडो से लेकर सारंग टीम तक ने दिखाया दम!

छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026

छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 में इस बार लोगों को जमीन के साथ-साथ आसमान में भी रोमांच का शानदार अनुभव मिला। नवा रायपुर की सेंध झील के ऊपर भारतीय वायुसेना के जांबाजों ने अपने अद्भुत कौशल का प्रदर्शन कर ऐसा समां बांधा कि हर कोई मंत्रमुग्ध हो गया। कभी आसमान से पैराशूट के जरिए जवानों की एंट्री हुई, तो कभी हेलीकॉप्टर से गरुड़ कमांडो की त्वरित तैनाती ने लोगों को हैरान कर दिया। वहीं, सारंग टीम के हैरतअंगेज हवाई करतब इस एयर शो का सबसे खास आकर्षण बने।

छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के अवसर पर 1 और 2 नवंबर को नवा रायपुर अटल नगर स्थित सेंध झील के ऊपर भारतीय वायुसेना ने दो दिवसीय एयर शो आयोजित किया। सोमवार को इस भव्य आयोजन का समापन हुआ। समापन कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा भी इस मौके पर मौजूद रहे। एयर शो देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और वायुसेना के प्रदर्शन को अपने कैमरों में कैद किया।

आसमान से पैराशूट के जरिए उतरे वायुसेना के जांबाज

कार्यक्रम में भारतीय वायुसेना की ‘आकाश गंगा’ स्काईडाइविंग टीम ने अपने साहस का परिचय दिया। टीम के जवानों ने आसमान की ऊंचाइयों से पैराशूट के सहारे छलांग लगाई और सटीक तरीके से नीचे उतरकर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। इस प्रदर्शन ने एयर शो की शुरुआत को खास बना दिया।

Mi-17 से गरुड़ कमांडो की तैनाती का प्रदर्शन

इसके बाद Mi-17 हेलीकॉप्टर के माध्यम से गरुड़ कमांडो की त्वरित तैनाती का अभ्यास दिखाया गया। हेलीकॉप्टर से कमांडो की सटीक एंट्री और उनकी तेजी ने दर्शकों को सैन्य अभियानों की झलक दिखाई। इस प्रदर्शन के जरिए वायुसेना के जवानों की मुस्तैदी और प्रशिक्षण का शानदार नमूना देखने को मिला।

सारंग टीम के हवाई करतबों ने लूटी महफिल

एयर शो का सबसे रोमांचक हिस्सा सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम का प्रदर्शन रहा। टीम के हेलीकॉप्टरों ने आसमान में एक साथ उड़ान भरते हुए शानदार फॉर्मेशन बनाए। कभी हेलीकॉप्टर बेहद नजदीक से गुजरते दिखे, तो कभी हवा में अलग-अलग आकृतियां बनाकर अपनी सटीक उड़ान का परिचय दिया।

सारंग टीम के हर करतब के साथ दर्शकों का उत्साह भी बढ़ता गया। दो दिनों तक चले इस आयोजन ने राज्योत्सव की रौनक में चार चांद लगा दिए। सेंध झील के ऊपर हुआ यह एयर शो न सिर्फ मनोरंजन का केंद्र बना, बल्कि लोगों को भारतीय वायुसेना के शौर्य, अनुशासन और अदम्य साहस से रूबरू कराने वाला यादगार अनुभव भी साबित हुआ।

Youthwings