Chhattisgarh Hockey League: मैनपाट टाइटंस बनी छत्तीसगढ़ हॉकी लीग की चैंपियन, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को दी शिकस्त

Chhattisgarh Hockey League: छत्तीसगढ़ हॉकी लीग को अपना नया चैंपियन मिल गया है। फाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए मैनपाट टाइटंस ने संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को 4-2 से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में मैनपाट की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया और अंत तक अपनी बढ़त बनाए रखी।

इस मुकाबले में दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली, लेकिन मैनपाट टाइटंस के खिलाड़ियों ने बेहतर तालमेल और आक्रामक खेल के दम पर जीत हासिल की।

पहले क्वार्टर में मैनपाट ने बनाई बढ़त

Chhattisgarh Hockey League फाइनल मुकाबले की शुरुआत से ही मैनपाट टाइटंस ने विपक्षी टीम पर दबाव बनाना शुरू कर दिया। पहले क्वार्टर में आनंद लाकड़ा ने पेनल्टी के जरिए गोल दागकर मैनपाट को बढ़त दिलाई। हालांकि, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने जल्द ही वापसी की और अभिषेक यादव ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर बराबर कर दिया।

इसके बाद दूसरे क्वार्टर में प्रह्लाद ने शानदार फील्ड गोल करते हुए मैनपाट टाइटंस को एक बार फिर बढ़त दिला दी।

तीसरे क्वार्टर में भी जारी रही रोमांचक टक्कर

तीसरे क्वार्टर में दोनों टीमों के बीच मुकाबला और भी दिलचस्प हो गया। संस्कारधानी स्ट्राइकर्स की ओर से सरिख अहमद ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर टीम को बराबरी दिलाने की कोशिश की।

वहीं, मैनपाट टाइटंस की ओर से संदीप ठाकुर ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर टीम को फिर आगे कर दिया। इस दौरान दोनों टीमों ने जीत के लिए पूरा जोर लगाया।

आखिरी क्वार्टर में मोहित नायक का धमाका, दागे दो गोल

मुकाबले के चौथे और आखिरी क्वार्टर में मैनपाट टाइटंस ने अपना दबदबा पूरी तरह कायम कर लिया। टीम के खिलाड़ी मोहित नायक ने लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए दो फील्ड गोल दागे।

मोहित के इन दो गोलों ने मैनपाट की जीत सुनिश्चित कर दी। आखिरकार मैनपाट टाइटंस ने संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को 4-2 से शिकस्त देकर छत्तीसगढ़ हॉकी लीग की ट्रॉफी अपने नाम कर ली।

दिग्गज नेताओं और हॉकी हस्तियों की मौजूदगी में हुआ Chhattisgarh Hockey League फाइनल

Chhattisgarh Hockey League के फाइनल मुकाबले को देखने के लिए खेल जगत और राजनीति से जुड़ी कई बड़ी हस्तियां मौजूद रहीं। केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, गृह मंत्री विजय शर्मा और तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।

इसके अलावा Chhattisgarh Hockey League के ब्रांड एंबेसडर और पूर्व भारतीय हॉकी कप्तान सरदार सिंह भी फाइनल मुकाबले के दौरान मौजूद रहे।

केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने विजेता टीम मैनपाट टाइटंस को ट्रॉफी प्रदान की। इस जीत के साथ मैनपाट टाइटंस ने छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में अपनी शानदार मौजूदगी दर्ज कराते हुए चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

Youthwings