Chhattisgarh Morning News: आज से राज्योत्सव का आगाज, पलक मुच्छल की प्रस्तुति से सजेगी पहली शाम; अमित शाह 3 नवंबर को होंगे शामिल

Chhattisgarh Morning News: छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस के अवसर पर आज यानी 1 नवंबर से तीन दिवसीय राज्योत्सव 2026 की शुरुआत होने जा रही है। नवा रायपुर के मेला ग्राउंड में आयोजित होने वाले इस भव्य आयोजन का शुभारंभ केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया करेंगे। इस वर्ष राज्योत्सव की थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ रखी गई है। पहले दिन मशहूर पार्श्व गायिका पलक मुच्छल अपनी प्रस्तुति देंगी। वहीं, 3 नवंबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समापन समारोह के मुख्य अतिथि होंगे।
मनसुख मांडविया करेंगे राज्योत्सव का शुभारंभ
केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया आज रायपुर पहुंचेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे शाम 4:40 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद शाम 5 बजे सत्य साईं संजीवनी बाल हृदय चिकित्सालय पहुंचकर नर्सिंग महाविद्यालय और परिचारक छात्रावास का भूमिपूजन करेंगे।
शाम 6 बजे नवा रायपुर के राज्योत्सव मैदान में तीन दिवसीय आयोजन का विधिवत शुभारंभ करेंगे। रात 8 बजे वे सरदार वल्लभभाई पटेल हॉकी स्टेडियम में छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के समापन समारोह में भी शामिल होंगे।
पलक मुच्छल की प्रस्तुति होगी खास आकर्षण
राज्योत्सव के पहले दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों में पार्श्व गायिका पलक मुच्छल की प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रहेगी। इसके अलावा आयोजन स्थल पर विभागीय प्रदर्शनियां, शिल्पग्राम और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
इस साल की थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ के जरिए महिला सशक्तिकरण और युवाओं की उपलब्धियों को प्रमुखता दी जाएगी।
3 नवंबर को अमित शाह करेंगे समापन
तीन दिवसीय राज्योत्सव का समापन 3 नवंबर को होगा। समापन समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस दौरान राज्योत्सव के विभिन्न कार्यक्रमों और आयोजनों का समापन किया जाएगा।
मुख्यमंत्री साय का आज का दौरा कार्यक्रम
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी आज राज्योत्सव से जुड़े कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
सुबह 11:30 बजे: नवा रायपुर के सेंध लेक पहुंचेंगे और सारंग हेलीकॉप्टर का एयर शो देखेंगे।
शाम 5:15 बजे: सत्य साईं संजीवनी अस्पताल पहुंचेंगे। यहां 45 हजार नि:शुल्क बाल हृदय शल्य चिकित्सा की उपलब्धि से जुड़े समारोह में शामिल होंगे। साथ ही जनजातीय विद्यार्थियों के लिए नर्सिंग कॉलेज भवन का भूमिपूजन करेंगे।
शाम 6 बजे: राज्योत्सव मैदान पहुंचेंगे और शाम 6 से 7:30 बजे तक उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे।
रात 8 बजे: अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम पहुंचकर छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पुरस्कार वितरण और समापन समारोह में शामिल होंगे।
राज्योत्सव में वायुसेना की ‘आकाशगंगा’ टीम दिखाएगी रोमांच
इस बार राज्योत्सव में भारतीय वायुसेना की ‘आकाशगंगा’ टीम का स्काईडाइविंग प्रदर्शन भी खास आकर्षण होगा। रायपुर के आसमान में 8 हजार फीट की ऊंचाई से 8 प्रशिक्षित पैराशूट जंप इंस्ट्रक्टर छलांग लगाएंगे।
इस टीम का नेतृत्व स्क्वाड्रन लीडर आर्यन कैंत्युरा करेंगे। टीम आगरा से AN-32 विमान के जरिए पहुंचेगी। इस प्रदर्शन के जरिए दर्शकों को वायुसेना के साहस, अनुशासन और टीम भावना को करीब से देखने का मौका मिलेगा।
छत्तीसगढ़ महतारी की होगी भव्य आरती
छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के अवसर पर रायपुर कलेक्ट्रेट कार्यालय के पास स्थित छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा के सामने शाम 6 बजे भव्य आरती का आयोजन किया जाएगा। इसमें बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में आम नागरिकों के शामिल होने की जानकारी दी गई है।
बीजेपी हर जिले की झुग्गी बस्तियों में मनाएगी राज्योत्सव
राज्योत्सव के अवसर पर भाजपा की ओर से प्रदेश के हर जिले की झुग्गी बस्तियों में भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों में मां भारती और छत्तीसगढ़ महतारी की पूजा-अर्चना की जाएगी। साथ ही पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि दी जाएगी।
नगरीय प्रशासन विभाग में 100 अधिकारियों-कर्मचारियों के तबादले
राज्योत्सव के बीच छत्तीसगढ़ के नगरीय प्रशासन विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल भी हुआ है। विभाग में कुल 100 अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादले किए गए हैं। इनमें 53 मुख्य नगर पालिका अधिकारी और 24 इंजीनियर शामिल हैं। तबादलों से संबंधित विस्तृत पदस्थापना सूची अलग से जारी आदेश में देखी जा सकती है।
राज्य अलंकरण सम्मान की सूची भी होगी जारी
संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल आज सुबह 11:30 बजे रायपुर के घड़ी चौक स्थित महंत घासीदास स्मारक संग्रहालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। इस दौरान राज्य अलंकरण सम्मान समारोह में सम्मानित होने वाले लोगों के नामों की सूची जारी की जाएगी
