पंचकूला में रोंगटे खड़े करने वाली वारदात: स्कूल में बच्ची पर ईंटों से हमला, मेहंदी लगवाते रहे शिक्षक

पंचकूला। हरियाणा के पंचकूला स्थित सेक्टर-20 के शहीद मेजर अनुज राजपूत राजकीय संस्कृति मॉडल स्कूल से एक ऐसी हृदयविदारक घटना सामने आई है, जिसने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। स्कूल की पहली मंजिल पर स्थित एक खाली कमरे में तीसरी कक्षा के एक छात्र ने पहली कक्षा की मासूम बच्ची पर जानलेवा हमला कर दिया। इस बर्बरता का शिकार हुई बच्ची शनिवार को करीब 35 घंटे बाद होश में आई है। गंभीर हालत में चंडीगढ़ पीजीआई में उपचाराधीन बच्ची के चेहरे और नाक की हड्डी टूट चुकी है, जिसके चलते डॉक्टरों को कई जटिल सर्जरी करनी पड़ेंगी।
सीसीटीवी में कैद हुई हैवानियत
स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज ने इस वीभत्स वारदात की पूरी सच्चाई उजागर कर दी है। फुटेज के अनुसार, तीसरी कक्षा का छात्र पहली कक्षा की इस बच्ची को बहला-फुसलाकर पहली मंजिल के खाली कमरे में ले गया। वहां पहुंचते ही उसने बच्ची के सिर को तीन से चार बार लगातार बेंच पर पटका। इसके बाद बाल पकड़कर उसे फर्श पर घसीटा गया और बेरहमी से लातें मारी गईं।
जब सहमी हुई बच्ची जमीन पर गिर गई, तो आरोपी छात्र बाहर से एक ईंट उठाकर लाया और उसने बच्ची के चेहरे पर ताबड़तोड़ कई वार किए। इतने पर भी उसका दिल नहीं पसीजा; वह बच्ची की छाती पर खड़ा हो गया, चेहरे को पैरों से रौंदा और दोबारा ईंट से वार किए। बच्ची जब खून से लथपथ होकर अचेत हो गई, तो वह कमरे से बाहर भाग निकला।
कमरे में ताला बंद कर चले गए कर्मचारी, पिता ने खिड़की से देखा खौफनाक मंजर
हद तो तब हो गई जब स्कूल की छुट्टी के समय कर्मचारियों ने बिना किसी जांच-पड़ताल के कमरे पर बाहर से ताला जड़ दिया। बच्ची अंदर लहूलुहान और बेहोश पड़ी रही, लेकिन किसी ने पहली मंजिल की सुध नहीं ली। जब काफी देर तक बच्ची घर नहीं पहुंची, तो घबराया हुआ पिता स्कूल पहुंचा। हैरान करने वाली बात यह रही कि आरोपी छात्र ने ही पिता को बताया कि बच्ची पहली मंजिल के कमरे में है।
जब पिता ने खिड़की से अंदर झांका, तो अपनी लाडली को खून से लथपथ देखकर उनकी चीख निकल गई। आनन-फानन में कर्मचारियों को बुलाकर ताला खुलवाया गया। पिता बच्ची को कंधे पर उठाकर नजदीकी अस्पताल पहुंचे, जहां से नाजुक हालत देखते हुए उसे पंचकूला सिविल अस्पताल और फिर तुरंत चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया गया।
मेहंदी लगवाने में मशगूल रहे शिक्षक
परिजनों का आरोप है कि करवाचौथ से एक दिन पहले स्कूल की महिला शिक्षक स्कूल परिसर में मेहंदी लगवाने में व्यस्त थीं और बच्चों की सुरक्षा की तरफ किसी का कोई ध्यान नहीं था। इसी घोर लापरवाही के चलते यह खौफनाक वारदात घटित हुई और छुट्टी के बाद भी किसी ने कमरों की जांच करने की जहमत नहीं उठाई।
सुरक्षा पर खड़े हुए गंभीर सवाल
घटना के बाद पीड़ित पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता ने नम आंखों से कहा कि जब स्कूल के बच्चों ने आरोपी से पूछा कि उसने ऐसा क्यों किया, तो उसने बेशर्मी से जवाब दिया कि ‘मुझे मजा आता है’, पिता का कहना है कि आरोपी को नाबालिग कहकर छोड़ दिया जाएगा, लेकिन स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों की इस घोर नाकामी की कीमत उनकी बेटी को अपनी हड्डियों और चेहरे को तुड़वाकर चुकानी पड़ रही है।
शिक्षा मंत्री ने दिए सख्त जांच के आदेश
वारदात की गंभीरता को देखते हुए हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने मुख्यालय स्तर पर एक उच्चस्तरीय जांच कमेटी गठित करते हुए शनिवार शाम तक विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। मंत्री ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि जांच की आंच स्कूल की प्रिंसिपल और ड्यूटी पर मौजूद शिक्षकों तक पहुंचेगी। यदि स्कूल प्रबंधन की ओर से सुरक्षा और निगरानी में लापरवाही साबित होती है, तो उनके खिलाफ कड़ी विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
