CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में कमजोर होगा Cyclone Arnab, क्या अब मिलेगी बारिश से राहत?

CG Weather Update: बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवात ‘अर्नब’ ने छत्तीसगढ़ को तरबतर करने के बाद अब ढीला पड़ना शुरू कर दिया है, लेकिन राहत मिलने से पहले मौसम विभाग ने फिर बड़ा अलर्ट जारी किया है! जानिए आज किन जिलों में गिर सकती है बिजली, रायपुर का क्या रहेगा मिजाज और बीते 24 घंटों में कहाँ-कहाँ हुई रिकॉर्डतोड़ बारिश!
अर्नब की ताकत हुई कम, अवदाब में बदला सिस्टम
बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का प्रभाव छत्तीसगढ़ में पिछले दो दिनों से लगातार देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, अर्नब का बचा हुआ अवशेष अब दक्षिण छत्तीसगढ़ और उससे लगे दक्षिण ओडिशा पर अवदाब (Depression) के रूप में सक्रिय है। यह अवदाब लगभग 18 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर दिशा की ओर बढ़ रहा है। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो यह सिस्टम धीरे-धीरे कमजोर होकर उत्तरी छत्तीसगढ़ और उत्तर-पश्चिम ओडिशा के ऊपर स्पष्ट कम दबाव के क्षेत्र में बदल जाएगा, जिससे आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियों में कमी दर्ज की जाएगी।
रायपुर में बादल मेहरबान, उत्तर छत्तीसगढ़ में वज्रपात का अलर्ट
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, शुक्रवार को भी प्रदेश के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना बनी हुई है। राजधानी रायपुर में आसमान सामान्यतः मेघमय रहेगा और दिन में एक से दो बार तेज गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। रायपुर में अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। वहीं, उत्तर छत्तीसगढ़ के जिलों में एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात (बिजली गिरने) की चेतावनी जारी की गई है।
इन जिलों में जमकर बरसे बादल, तापमान में गिरावट
बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के सुकमा, कोंटा, नरहरपुर और पिथौरा में 7 सेंटीमीटर तक भारी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा केशकाल, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजिम, गरियाबंद, सरायपाली और पेंड्रा रोड सहित दर्जनों इलाकों में 4 से 6 सेंटीमीटर तक पानी गिरा। बारिश और ठंडी हवाओं के कारण प्रदेश भर के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जहाँ दुर्ग में अधिकतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस और पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान सबसे कम 18 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
