‘कमरे में घुसते ही किया रेप’: डोनाल्ड ट्रंप पर पूर्व मिस स्विट्जरलैंड का सनसनीखेज आरोप

वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर कानूनी और राजनीतिक विवादों के केंद्र में आ गए हैं। अमेरिकी प्रतिनिधि सभा की ज्यूडिशियरी कमेटी के डेमोक्रेट सदस्यों ने 53 पन्नों की एक विस्तृत रिपोर्ट सार्वजनिक की है, जिसमें ट्रंप पर यौन उत्पीड़न और बलात्कार के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इस रिपोर्ट में पूर्व मिस स्विट्जरलैंड और मॉडल बीट्रिस केउल के बयानों का प्रमुखता से हवाला दिया गया है। केउल ने दावा किया है कि नवंबर 1993 में अटलांटिक सिटी के एक होटल में ट्रंप ने उनके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए थे, जिसे उन्होंने उस समय डर की वजह से केवल छेड़छाड़ बताया था।
न्यूयॉर्क के प्लाजा होटल में मुलाकात और वादों का जाल
रिपोर्ट में दिए गए ब्योरे के मुताबिक बीट्रिस केउल की मुलाकात डोनाल्ड ट्रंप से तब हुई थी जब वह 24 वर्ष की थीं। यह मुलाकात न्यूयॉर्क के मशहूर प्लाजा होटल में आयोजित एक प्रतियोगिता के दौरान हुई थी, जिसके मालिक उस वक्त ट्रंप ही थे। केउल का आरोप है कि ट्रंप ने उनका भविष्य संवारने, अमेरिकी वीजा दिलाने और न्यूयॉर्क यूनिवर्सिटी में दाखिला कराने का वादा किया था। मॉडल का दावा है कि इस मुलाकात के कुछ समय बाद ही कुख्यात यौन अपराधी जेफरी एप्स्टीन ने उनसे संपर्क साधा और उन्हें ट्रंप के निजी पाम बीच रिजॉर्ट ‘मार-ए-लागो’ में आयोजित एक पार्टी में शामिल होने का न्योता दिया।
अटलांटिक सिटी के होटल में दरिंदगी का आरोप
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इसके बाद ट्रंप के एक प्रतिनिधि ने केउल को अटलांटिक सिटी स्थित ‘ट्रंप प्लाजा होटल’ के एक निजी कमरे में मिलने के लिए बुलाया। केउल का आरोप है कि जैसे ही वह कमरे के अंदर दाखिल हुईं, ट्रंप ने उन्हें जबरन दबोच लिया और उनके साथ बलात्कार किया। मॉडल ने अपने हालिया साक्षात्कारों में इस घटना को बेहद क्रूर और खौफनाक बताते हुए कहा कि इस छीनाझपटी और हिंसा के दौरान उनके कपड़े फट गए थे और शरीर पर गंभीर चोटों व खरोंचों के निशान आ गए थे।
ट्रंप और एप्स्टीन के रिश्तों पर सवाल
डेमोक्रेट्स की इस रिपोर्ट में ट्रंप और 2019 में जेल में मृत पाए गए फाइनेंसर जेफरी एप्स्टीन के कथित संबंधों का सिलसिलेवार विवरण दिया गया है। हाउस ज्यूडिशियरी कमेटी के डेमोक्रेट सांसद जेमी रस्किन ने न्याय विभाग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि राष्ट्रपति को बचाने के लिए तथ्यों को दबाया जा रहा है। रस्किन ने दावा किया कि कम से कम पांच महिलाओं ने सीधे तौर पर ट्रंप पर एप्स्टीन के साथ या उसकी मौजूदगी में गंभीर यौन हिंसा के आरोप लगाए हैं। इसे देखते हुए डेमोक्रेट सांसदों ने अटॉर्नी जनरल टॉड ब्लैंच से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए एक स्वतंत्र विशेष जांच अधिकारी नियुक्त करने की औपचारिक मांग की है।
व्हाइट हाउस ने आरोपों को खारिज किया
व्हाइट हाउस ने डेमोक्रेट्स की इस 53 पन्नों की रिपोर्ट में लगाए गए तमाम आरोपों को पूरी तरह मनगढ़ंत और राजनीति से प्रेरित बताते हुए खारिज कर दिया है। व्हाइट हाउस के प्रवक्ता ने आधिकारिक बयान जारी कर कहा कि यह कदम केवल राष्ट्रपति ट्रंप की ऐतिहासिक उपलब्धियों और रिपब्लिकन पार्टी की जनसमर्थन वाली नीतियों से अमेरिकी जनता का ध्यान भटकाने के लिए उठाया गया है। वहीं ट्रंप पहले भी कई मौकों पर स्पष्ट कर चुके हैं कि एप्स्टीन के किसी भी गैरकानूनी कृत्य में लिप्त होने की जानकारी मिलने से काफी पहले ही उन्होंने उससे अपने तमाम सामाजिक और व्यक्तिगत संबंध खत्म कर लिए थे।
