PM Modi 76th Birthday: राहुल गांधी-खरगे ने दी बधाई, BJP ने देशभर में शुरू किया सेवा संकल्प अभियान

PM Modi 76th Birthday

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 17 सितंबर को अपना 76वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके पर देशभर से उन्हें शुभकामनाएं मिल रही हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी पीएम मोदी को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना की।

राहुल गांधी और खरगे ने दी जन्मदिन की बधाई

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने पीएम के अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी एक्स पर संदेश जारी कर प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई दी। खरगे ने उनके उत्तम स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना की।

‘आशीर्वाद का दीया’ पर पीएम मोदी ने जताया आभार

जन्मदिन के अवसर पर पीएम मोदी ने ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान से जुड़े गीत को सोशल मीडिया पर साझा किया। उन्होंने इस पहल को अपने लिए खास बताते हुए कहा कि लोगों का आशीर्वाद उन्हें देश की सेवा और अधिक समर्पण के साथ करने के संकल्प को मजबूत करता है। प्रधानमंत्री ने लिखा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ स्नेह की ऐसी अभिव्यक्ति है, जिसने उनके दिल को गहराई से छुआ है।

बीजेपी का महीनेभर चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’

प्रधानमंत्री के जन्मदिन के साथ बीजेपी ने देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत की है। यह अभियान पीएम मोदी के जन्मदिन के साथ उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर से भी जोड़ा गया है। अभियान के तहत सेवा, जनसंपर्क और सामाजिक गतिविधियों से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस दौरान रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, पौधरोपण और अन्य सेवा गतिविधियों पर जोर दिया जा रहा है। ‘आशीर्वाद का दीया’ भी इसी कार्यक्रम का प्रमुख हिस्सा है।

READ MORE: CGPSC 2025: इंटरव्यू से पहले बदला पूरा शेड्यूल, 608 अभ्यर्थियों को अब नई तारीख का इंतजार

वडनगर से वाराणसी तक बाइक यात्रा

पीएम मोदी के जन्मस्थान गुजरात के वडनगर से उनके लोकसभा क्षेत्र वाराणसी तक बाइक यात्रा का भी आयोजन किया गया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने वडनगर में इस यात्रा को हरी झंडी दिखाई। वाराणसी में भी इसी अभियान से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। वडनगर और वाराणसी को जोड़ने वाली इन गतिविधियों के जरिए पीएम मोदी के जन्मस्थान और संसदीय क्षेत्र को कार्यक्रमों का प्रमुख केंद्र बनाया गया है।

उज्जैन में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम

बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन भी पीएम मोदी के जन्मदिन के अवसर पर उज्जैन में कार्यक्रम में शामिल होंगे। पार्टी की ओर से देशभर में ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान के तहत दीप जलाने की अपील की गई है। बीजेपी का यह अभियान 17 सितंबर से शुरू होकर एक महीने तक चलने वाला है और इसमें अलग-अलग स्तर पर सेवा एवं जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रम प्रस्तावित हैं।

Youthwings