चीखती रही अनामिका, कार दौड़ाता रहा शाहनवाज! लखनऊ हिट एंड रन केस में हत्या के प्रयास का केस दर्ज

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पॉश इलाके गोमती नगर में दिल दहला देने वाला हिट एंड रन का मामला सामने आया है। जनेश्वर मिश्र पार्क के गेट नंबर चार के सामने दिनदहाड़े एक कार सवार युवक ने युवती को अपनी कार के बोनट पर घसीटा और फिर उसे जोरदार टक्कर मारकर फरार हो गया। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी शाहनवाज को हिरासत में ले लिया है। मामले में पहचान छिपाकर प्रेम जाल में फंसाने का गंभीर आरोप भी लगा है।

पहचान छिपाने का आरोप: ‘यश ठाकुर’ बनकर रचा था दोस्ती का जाल

पीड़िता अनामिका के अनुसार, आरोपी शाहनवाज ने करीब एक साल से अपनी असली पहचान छिपा रखी थी। उसने खुद को ‘यश ठाकुर’ बताकर उससे दोस्ती की और प्रेम का नाटक करता रहा।

मंगलवार सुबह जनेश्वर मिश्र पार्क के गेट नंबर 4 के पास युवती ने शाहनवाज को किसी अन्य महिला के साथ देख लिया। जब युवती ने उसकी असलियत और दूसरी महिला को लेकर विरोध दर्ज कराया, तो दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। भेद खुलता देख आरोपी आगबबूला हो गया और उसने खौफनाक कदम उठा लिया।

बोनट पर घसीटा, फिर टक्कर मारकर हुआ फरार

विवाद बढ़ने पर शाहनवाज अपनी कार में सवार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों और पीड़िता के अनुसार, जब युवती ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने रफ्तार बढ़ा दी। आरोपी ने युवती को कार के बोनट पर कई मीटर तक घसीटा। इस दौरान सड़क पर मौजूद लोग सन्न रह गए और पीड़िता गाड़ी रोकने के लिए गुहार लगाती रही। कुछ दूरी पर कार रोकने के बाद उसने दोबारा तेज गति से युवती को टक्कर मारी और सड़क पर तड़पता छोड़ मौके से भाग निकला। घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों की मदद से घायल युवती को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका प्राथमिक उपचार और मेडिकल परीक्षण कराया गया।

पुलिस ने दर्ज किया हत्या के प्रयास का मुकदमा, आरोपी से पूछताछ

मामले की गंभीरता को देखते हुए लखनऊ पुलिस तुरंत हरकत में आई। लखनऊ ईस्ट की डीसीपी दीक्षा शर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी।

पुलिस की ओर से जारी बयान में कहा गया कि जनेश्वर मिश्र पार्क के सामने एक युवती को कार से टक्कर मारने की सूचना मिली थी। जांच में सामने आया कि दोनों पक्ष पहले से परिचित थे और उनके बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद कार में सवार युवक और उसके साथियों ने युवती को टक्कर मार दी। पीड़िता की तहरीर के आधार पर हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। नामजद आरोपी को हिरासत में लेकर जनेश्वर मिश्र चौकी पर गहन पूछताछ की जा रही है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

फिलहाल पुलिस घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और कार में मौजूद अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच कर रही है। पहचान छिपाकर झांसे में रखने के आरोपों को लेकर भी पुलिस अलग से तफ्तीश में जुटी है।

Youthwings